सामने आई अक्षय की इस फिल्म की रिलीज डेट

अक्षय कुमार हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता हैं और उन्हें उनकी बहुमुखी अभिनय क्षमता के लिए काफी पसंद भी किया जाता है। हालांकि, बीते कुछ समय से उनकी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन गिरता जा रहा है। इसके बावजूद अक्षय फिल्मों में लगातार नजर आ रहे हैं। इसे लेकर अभिनेता को कई मौकों पर आलोचनाएं भी सहनी पड़ी हैं। अक्षय कुमार को इस वक्त एक अदद हिट की तलाश है। इस बीच उनकी एक और आगामी फिल्म की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। 

अक्षय कुमार की फिल्मों का बुरा दौर जरूर चल रहा है, लेकिन उससे अक्षय कुमार को लेकर निर्माताओं का विश्वास कमजोर नहीं हुआ है। अक्षय की पिछली रिलीज फिल्म खेल खेल में भी बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इसके बावजूद अभी उनके पास कई फिल्में हैं, जिससे वह हिट फिल्मों का सूखा खत्म कर सकते हैं। आज, 18 अक्तूबर को अभिनेता की एक और आगामी फिल्म की घोषणा धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा की गई है। ये एक मनोरंजक पीरियड ड्रामा फिल्म होने वाली है, जो ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म न्याय और सत्य के महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित होगी।

करण सिंह त्यागी इस फिल्म का निर्देशन करने वाले हैं। इस फिल्म की कहानी एक जाने-माने वकील और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सी. शंकरन नायर के जीवन से प्रेरित है। नायर ने जलियांवाला बाग हत्याकांड की सच्चाई को उजागर करने के लिए लड़ाई लड़ी थी। यह फिल्म रघु पलात और पुष्पा पलात द्वारा लिखी गई किताब ‘द केस दैट शुक द एम्पायर’ पर आधारित होने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा आर. माधवन और अनन्या पांडे भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। 

वास्तविक घटनाओं पर आधारित इस फिल्म का निर्माण धर्मा प्रोडक्शन के साथ अक्षय की केप ऑफ गुड फिल्म्स और लियो मीडिया कलेक्टिव साथ मिलकर करेंगे। फिल्म का शीर्षक अभी सुनिश्चित नहीं किया गया है। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट 14 मार्च 2025 तय की गई है। न्याय और सत्य के महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित इस फिल्म से अक्षय और उनके फैंस को काफी उम्मीदें होंगी, जो इस वक्त एक सफल फिल्म की तलाश कर रहे हैं।  

अक्षय कुमार इस फिल्म के अलावा कुछ और फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं। अक्षय जल्द ही रोहित शेट्टी की ‘सिंघम अगेन’ में कैमियो करते नजर आएंगे। इसके बाद वह एडवेंचर कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू जंगल’ में भी नजर आएंगे। इसके अलावा वह विष्णु मांचू की मुख्य भूमिका वाली ‘कन्नप्पा’ फिल्म में भी एक अहम किरदार में नजर आने वाले हैं। इसके साथ ही उनकी ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘स्काई फोर्स’ और ‘भूत बंगला’ भी प्रस्तावित हैं। 

Back to top button