देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए रेड और आरेंज अलर्ट जारी, ठण्ड से राहत मिलने के आसार नहीं

हाड़ जमा देने वाली ठंड और घने कोहरे से अभी राहत मिलने के आसार नहीं है। कश्मीर के पहाड़ों में रविवार को हल्की बर्फबारी दर्ज की गई और पूरा उत्तर भारत धुंध और कोहरे से जूझता रहा। सोमवार को भी पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहेगी और जम्मू कश्मीर के मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों से कम रहा तो राजस्थान के चूरू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए रेड और आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मैदानों में 11 से 13 जनवरी के बीच हवा की दिशा बदलेगी तो ठिठुरन भरी ठंड से भी थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट और राजस्थान, बिहार में आरेंज अलर्ट जारी किया है, क्योंकि इन इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा होगा।

राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह इस सीजन की सर्वाधिक ठंडी रही। न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। शीतलहर की स्थिति को देखते हुए राजधानी के सभी निजी स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में गया, औरंगाबाद व बांका शहर जम्मू से भी अधिक ठंडे रहे।

ठिठुरन से राहत नहीं

lहाड़ जमाने वाली ठंड और गहरी धुंध से जूझ रहा पूरा उत्तर भारत lदिल्ली में पारा 1.9 डिग्री पहुंचा, रविवार सुबह मौसम की सबसे ज्यादा ठंडी l देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए रेड और आंरेंज अलर्ट जारी lजम्मू में दिनभर छाए रहे बादल, कुछ स्थानों पर बूंदाबादी भी हो सकती है।

Back to top button