श्रीनगर व पहलगाम में नौ साल बाद रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, जम्मू में रात के पारे में भी उछाल

जम्मू कश्मीर में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ों पर भी तापमान बढ़ा है। राजधानी श्रीनगर और विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में मई की गर्मी ने वीरवार को फिर रिकॉर्ड तोड़ दिया। दोनों जगहों पर नौ साल बाद अधिक गर्मी पड़ी है।

हालांकि, जम्मू संभाग के राजोरी, रियासी और चिनैनी में दोपहर को हुई बारिश से स्थानीय लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रभाव जारी रहा। दिन के साथ रात के पारे में भी उछाल आया है। जम्मू संभाग के बाद कश्मीर के भी मैदानी इलाकों में अगले छह दिन तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम गर्म रहेगा। 29 और 30 मई को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौजूदा दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर चल रहा है। कश्मीर में इसका अधिक प्रभाव देखा जा रहा है। श्रीनगर में दिनभर मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री चढ़कर 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले 22 मई 2016 को दिन का पारा 31.9 डिग्री सेल्सियस था। यहां आलटाइम 24 मई 1968 को तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, पहलगाम में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री चढ़कर 27.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे पहले 22 मई 2016 को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यहां आलटाइम मई का अधिकतम तापमान 23 मई 2000 को 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

जम्मू में सुबह से प्रचंड गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर को सीधी धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। शाम को थोड़ी हवा चली, लेकिन दिनभर मौसम साफ रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से 2.1 डिग्री चढ़कर 40.1 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री चढ़कर 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां कितना अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जम्मू 40.1
बनिहाल 29.8
बटोत 29.9
कटड़ा 36.4
भद्रवाह 32.6
गुलमर्ग 22
लेह 23.8

Back to top button