RBI देगा महंगााई का झटका, ब्याज दरों में हो सकती है बढ़ोतरी

पेट्रोल डीजल की कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर तक की कटौती के बाद आज भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) महंगाई का झटका दे सकता है। शुक्रवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल डीजल पर 2.50 रुपये और भाजपा शासित राज्यों ने 2.50 रुपये वैट में कटौती की थी।
आरबीआई तीन दिन से चल रही मौद्रिक समीक्षा बैठक के बाद रेपो रेट में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकता है। यह बढ़ोतरी महंगे होते कच्चे तेल और डॉलर के मुकाबले रुपये के लगातार कमजोर होने की वजह से होगी।
लगातार दो बार बढ़ोतरी के बाद मौजूदा समय में रेपो रेट 6.50 फीसदी पर है। अगर रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी करता है तो बैंक भी ब्याज दरों में इजाफा कर देंगे। इससे सभी प्रकार के लोन की दर महंगी हो जाएगी।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजकिरण राय जी ने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर, महंगाई बढ़ने की पूरी उम्मीद है। इसलिए आरबीआई इसके असर से पहले ही कदम उठा सकता है। मुझे लगता है कि रेपो रेट में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी होगी।
तेल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद महंगाई का आंकड़ा जुलाई के 4.17 फीसदी के मुकाबले अगस्त में 3.69 फीसदी पर रहा।
रुपये में गिरावट हो सकती है अहम वजह
अगर आरबीआई रेपो रेट 25 आधार अंक बढ़ाती है, तो यह लगातार तीसरी बार दर में बढ़ोतरी होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट भी केंद्रीय बैंक को रेपो रेट बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।





