रणजी ट्राफी क्रिकेट में पृथ्वी का धमाल जारी, तोड़ा गावस्कर और मांजरेकर का रिकॉर्ड..

 असम के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने अपने घरेलू क्रिकेट का पहला तिहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने खेल के दूसरे दिन पहले सेशन में 326 गेंद का सामना करते हुए यह ट्रिपल सेंचुरी पूरी की। यह घरेलू क्रिकेट में उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। इससे पहले उनका सर्वाधिक स्कोर 202 रन का था, लेकिन अब पृथ्वी इससे आगे निकल गए हैं। उन्होंने अपनी इस पारी में 43 चौके और 2 छक्के लगाए।

पृथ्वी दूसरे दिन 379 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उनकी यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने ये रन केवल 383 गेंद पर बनाए। उन्हें रियान पराग ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।

पृथ्वी शॉ ने तोड़ा गावस्कर और मांजरेकर का रिकॉर्ड

पृथ्वी शॉ ने 379 रन की इस पारी के दम पर सुनील गावस्कर और संजय मांजरेकर जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब वह रणजी क्रिकेट में मुंबई की तरफ से सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

मुंबई के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची

पृथ्वी शॉ- 379 रन (बनाम असम)

संजय मांजरेकर- 377 (बनाम हैदराबाद)

विजय मर्चेंट- 359 (बनाम महाराष्ट्र)

सुनील गावस्कर- 340 (बनाम बंगाल)

मुंबई का विशाल स्कोर

पृथ्वी शॉ की इस दमदार पारी के दम पर मुंबई ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 687 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। पृथ्वी शॉ के अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 191 रन क पारी खेली। मुंबई ने असम के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 

मुंबई के 8वें बल्लेबाज बने

पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए तिहरा शतक लगाने वाले 8वें बल्लेबाज बन गए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक पृथ्वी ने 240 रन बना लिए थे और तीसरे दिन भी उन्होंने अपने रन बनाने का सिलसिला जारी रखते हुए 300 का आंकड़ा छू लिया।

अच्छा नहीं था पृथ्वी का सीजन

पृथ्वी शॉ की बात करें तो इस मैच से पहले उनका बल्ला खामोश चल रहा था, लेकिन उन्होंने एक चैंपियन बल्लेबाज की तरह वापसी की है। इस मैच से पहले उन्होंने 7 इनिंग्स में केवल 160 रन बनाए थे।

घरेलू क्रिकेट में पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन की बात करें तो 23 साल के इस युवा बल्लेबाज ने 41 फर्स्ट-क्लास मैच में 3,300 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 12 सेंचुरी और 15 हाफ सेंचुरी लगाई है।

सेलेक्टरों का ध्यान खींचा

लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे पृथ्वी की इस पारी ने सेलेक्टरों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में देखना बेहद दिलचस्प होगा कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें टीम इंडिया के लिए मौका मिलता है या नहीं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच जुलाई 2021 में खेला था।

Back to top button