राम रहीम के गिरफ्तार राजदार ने बताया, यहाँ छिपी है बाबा की लाडली हनीप्रीत

नई दिल्ली। साध्वियों से दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा काट रहे सच्चा सौदा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को फरार करवाने के लिए पंचकूला में हिंसा भड़काने के आरोपी प्रकाश उर्फ विक्की, प्रदीप गोयल और विजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने प्रकाश उर्फ विक्की को पंजाब के मोहाली, प्रदीप गोयल को राजस्थान के उदयपुर और विजय को पंचकूला के पिंजौर से गिरफ्तार किया। इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप ने खुलासा किया है कि राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इंसां नेपाल भाग गई है।

हनीप्रीत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा पुलिस के 10 अफसरों की टीम हनीप्रीत सहित कई आरोपियों की तलाश में लगातार पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न शहरों में दबिश दे रही है। इसी कड़ी में पुलिस की एक टीम ने उदयपुर से राम रहीम के करीबी प्रदीप गोयल को धर दबोचा। राम रहीम की गिरफ्तारी के दिन प्रदीप ने ही पंचकूला में हिंसा भड़काने की साजिश रची थी।

किसानों का भाग्य बदलेगा सरदार सरोवर बांध: पीएम मोदी

पुलिस का कहना है कि 25 अगस्त को पंचकूला में हिंसा करने के लिए प्रदीप एक बस में आदिवासी और गरीब लोगों को ले गया था। इसके लिए डेरे की तरफ से उसने हिंसा करने वालों को 25-25 हजार रुपए भी दिए थे। राम रहीम की करीबी हनीप्रीत के बारे में उसका कहना है कि उसे उन लोगों ने नेपाल पहुंचा दिया है। हालांकि, पुलिस उस पर यकीन नहीं कर रही है।

हरियाणा और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। प्रदीप की तलाश में पिछले कई दिनों से पुलिस की टीम उदयपुर में डेरा डाले हुई थी और कई होटलों में तलाशी चल रही थी। पुलिस टीम को चकमा देने के लिए प्रदीप बार-बार ठिकाने बदलता रहता था। बता दें कि राम रहीम डेढ़ महीने पहले हनीप्रीत के साथ आकर उदयपुर के मशहूर लीला पैलेस में रुका था।

Back to top button