Rajasthan: 5 से 20 जून तक जल संरक्षण महाअभियान, कुएं-बावड़ियों से हटेगा अतिक्रमण

राजस्थान में 5 से 20 जून तक जल संरक्षण को लेकर विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत राज्यभर में कुएं, बावड़ियां और तालाबों से अतिक्रमण हटाया जाएगा और वर्षा जल की एक-एक बूंद को संचित करने के प्रयास किए जाएंगे। यह जानकारी जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मंगलवार को जोधपुर में दी।
मंत्री रावत ने जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि जल संरक्षण अभियान के दौरान आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही, हर दिन अलग-अलग विभागों के माध्यम से विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि नदियों, नालों, कुओं और बावड़ियों में पानी की आवक के रास्तों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। सरकार इन जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कर पुनर्जीवित करने के लिए संकल्पबद्ध है। मंत्री रावत ने कहा कि राज्य में जल संरक्षण को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। वर्षा जल की एक-एक बूंद को संरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है। जल स्वावलंबन के लिए जन सहयोग जरूरी है। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत मंगलवार को जोधपुर प्रवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने जल स्वावलंबन पखवाड़े के अंतर्गत जन संचयन और बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जेजेएम को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
जब मंत्री रावत से जल जीवन मिशन (जेजेएम) को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह योजना कांग्रेस सरकार के समय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ईआरसीपी (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) और यमुना नदी से जल आपूर्ति की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। यमुना जल परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है और जल संसाधन नियंत्रण बोर्ड को भी अपग्रेड करने की घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले जोधपुर पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों ने मंत्री सुरेश रावत का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, भाजपा देहात अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, भाजपा शहर अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल और भाजपा देहात उत्तर अध्यक्ष मनोहर पालीवाल मौजूद रहे।