प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा होने का सिलसिला जारी..

नौतपा के छठवें दिन मंगलवार को सबसे अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान नरसिंहपुर में दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक ग्वालियर में 30.2, रतलाम में 1.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।

राजधानी में भी शाम करीब पांच बजे तेज लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अरब सागर से लगातार मिली रही नमी के कारण बादल बने हुए हैं। साथ ही वर्षा भी हो रही है। बुधवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर, सागर, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।

इस दौरान तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी पाकिस्तान पर ही एक प्रेरित चक्रवात भी बन गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

इस चक्रवात से लेकर झारखंड होते हुए बिहार तक एक द्रोणिका लाइन बनी हुई है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

Back to top button