रेलवे ने दिखाई हरी झंडी, 130 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी प्रयागराज एक्सप्रेस

प्रयागराज और नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस 130 किमी की रफ्तार से दौड़ सकेगी। अन्य ट्रेनों की तरह प्रयागराज एक्सप्रेस में भी एलएचबी कोच लगे हैं लेकिन इसकी लंबाई अधिक होने के कारण तकनीकी पहलुओं को देखा जा रहा है।

रेलवे संरक्षा आयुक्त ने प्रयागराज मंडल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और गाजियाबाद के बीच 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चलाने की स्वीकृति दे दी है। इस रूट पर लगभग सभी एलएचबी कोच वाली ट्रेनों की गति बढ़ाने की तैयारी है। इनमें प्रयागराज एक्सप्रेस भी शामिल है।
अन्य ट्रेनों के 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने में कोई दिक्कत नहीं है। प्रयागराज एक्सप्रेस अन्य एलएचबी कोच वाली ट्रेनों की तुलना में अधिक लंबी है। इसमें 24 कोच हैं। लंबाई को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेन की स्पीड बढ़ाने पर आने वाली तकनीकी समस्याओं को दूर कर रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि नए टाइम टेबल के साथ ट्रेनों का संचालन शुरू होने तक सबकुछ दुरुस्त हो जाएगा।
हाईस्पीड ट्रेन के लिए पूरे ट्रैक पर घेरेबंदी
हावड़ा-नई दिल्ली रूट पर हाईस्पीड ट्रैक पर व्यक्ति या जानवर नहीं जा सकेंगे। ट्रैक के दोनों तरफ दीवार होगी। उत्तर मध्य रेलवे पंडित दीनदयाल उपाध्याय(मुगलसराय)-गाजियाबाद खंड में ट्रैक के दोनों ओर दीवार बना रहा है। हावड़ा-नई दिल्ली रूट पर दीवार और हाईस्पीड ट्रेन के लिए ट्रैक का काम जून 2023 तक पूरा करना है। इससे पहले प्रयागराज मंडल ने जानवरों का ट्रैक पर आवागमन रोकने के लिए चिन्हित स्थानों पर ट्रैक किनारे दीवार की योजना बनाई थी।
चिन्हित स्थानों पर दीवार बनाने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले हावड़ा-नई दिल्ली रूट पर 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चलाने की घोषणा हो गई। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने हाईस्पीड ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित करने का निर्देश दिया। उत्तर मध्य रेलवे ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और गाजियाबाद के बीच बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू कर दिया। एनसीआर के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने बाउंड्रीवाल और ट्रैक का काम युद्ध स्तर पर करने का निर्देश दिया है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सभी काम समय से पूरा करेंगे।





