रेलवे के इंतजाम फीके न पड़े इसके लिए रेलवे ने गाइडलाइंस जारी कर दी..

रेलवे के इंतजाम फीके न पड़े इसके लिए रेलवे ने गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते अफसरों को हिदायत दी गई है कि वह स्वयं इसकी मानिटरिंग करें ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो।

 यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच रेलवे के इंतजाम फीके न पड़े इसके लिए रेलवे ने गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते अफसरों को हिदायत दी गई है कि वह स्वयं इसकी मानिटरिंग करें ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो। ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफार्म पर पहुंचने से कुछ मिनट पहले प्लेटफार्मों को न बदलने की हिदायत दी गई है ताकि भगदड़ या फिर किसी अन्य घटना से बचा सके।

अधिकारियों को इस संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए गए

दरअसल, कई बार ट्रेनों का प्लेटफार्म अचानक बदल दिया जाता है और आनन-फानन में भगदड़ मच जाती है। ग्रीष्मकालीन भीड़ 2023 को लेकर उत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार जैन ने भी अंबाला, दिल्ली, फिरोजपुर, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल के अधिकारियों को इस संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेशों में कहा गया है कि इस बार भी गर्मियों की छुट्टियों की संख्या में पहले की तुलना में इजाफा होगा।

असुविधा न हो इसके लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता

ऐसे में आदेशों में कहा गया है कि यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। अतिरिक्त व्यवस्था करके भीड़ की निकासी के लिए स्टेशनों पर उचित योजना बनानी होगी और जरूरत के मुताबिक निर्धारित कोचों की संख्या में इजाफा करना होगा।

ट्रेनों के प्लेटफार्म में आखिरी मिनट तक कोई बदलाव न किया जाए। हालांकि आनलाइन टिकटों की बुकिंग के चलते स्टेशन पर यात्रियों की संख्या कम होती है फिर भी अधिक काउंटर खोले जाएं। ट्रेनों की छतों पर यात्रा करने से रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।

टिकट चेकिंग स्टाफ को विशेष हिदायत दी गई

सबसे अहम पहलू एसी क्लास या फिर आरक्षित डिब्बों में टिकट बुक कराकर यात्रा कर रहे यात्रियों के सफर में अक्सर खलल डल जाता है क्योंकि सामान्य टिकट लेकर यात्री इसमें सवार हो जाते हैं। इसलिए टिकट चेकिंग स्टाफ को विशेष हिदायत दी गई है कि वह ट्रेनों के आरक्षित कोचों में सामान्य यात्रियों के पूरी तरह प्रवेश पर रोक लगाएं। सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ और जीआरपी को भी प्लेटफार्म पर पर्याप्त रूप से तैनाती रखनी होगी।

इस दौरान ट्रेनों में सवार होने वाले यात्रियों पर विशेष निगाह रखनी होगी ताकि वह ज्वलनशीन सामग्री अपने साथ न ले जाएं और धूम्रपान करने वालों पर भी जुर्माना लगाया जाए। आदेशों में कहा गया है कि वरिष्ठ नागिरक, दिव्यांग और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था करनी होगी और किसी भी प्रकार से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करना होगा। उधर, डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने कहा कि इस संबंध में अफसरों को दिशा निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

स्पेशल ट्रेनें भी चलाने की होगी घोषणा

गर्मियों की छुट्टियों में इस बार यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा होने की उम्मीद है इसलिए रेलवे ने सुरक्षा सुविधाओं की गाइडलाइंस के साथ-साथ नई स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी निर्णय ले लिया है। जल्द ही सभी जोन अपने-अपने क्षेत्र में कौन-कौन सी स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहे हैं इसको लेकर लिखित आदेश जारी करेंगे।

मौजूदा समय अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट और कुछ में तो नो रूम यानि वेटिंग टिकट भी नसीब नहीं हो पा रही इसलिए माना जा रहा है कि जल्द ही स्पेशल ट्रेनें चलाने की भी घोषणा होगी।

Back to top button