भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जारी रखा हमला, कह दी इतनी बड़ी बात..

भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला जारी रखा। बोले, देश का 50 प्रतिशत पैसा 100 लोगों के पास है। यही नरेन्द्र मोदी के हिंदुस्तान की सच्चाई है। देश में दो हिंदुस्तान बन गए हैं। एक तरफ सैकड़ों की संख्या में किसान और बेरोजगार युवा हैं तो दूसरी तरफ ये 20 कंपनियां। लोगों के पास कुछ नहीं है। हरियाणा 21वीं सदी में बेरोजगारी का चैंपियन बन गया है। यहां बेरोजगारी दर 38 प्रतिशत है।

पानीपत की स्माल व मीडियम इंडस्ट्री बरबाद हो गई है। देश के बाकी शहरों की इंडस्ट्री की स्थिति यही है। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से प्रारंभ हुई। सेक्टर-13-17 स्थित मैदान पर रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने जब भाइयों और बहनों कहकर आर्थिक स्थिति पर प्रश्न पूछा तो लोग चौंक गए, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने हर भाषण में भाइयों और बहनों संबोधन का उपयोग कई बार करते हैं। यद्यपि राहुल ने अपने भाषण का आरंभ हरियाणवी में किया बोले- म्हारे प्यारे चाचा, बब्बर शेर और शेरनियों, नमस्कार। उन्होंने देश की जनसंख्या का उल्लेख करते हुए 140 करोड़ लोगों के बजाय 140 करोड़ रुपये कह दिया।

चर्चा – किसानों और जवानों के आंदोलन की

बोले- अग्निवीर योजना लाने वाले खुद को देशभक्त कहते हैं। मुझे इनकी देशभक्ति समझाओ। पहले 80 हजार युवा हर वर्ष सेना में भर्ती होते थे, अब अग्निवीर में केवल 40 हजार लेंगे। इनमें भी चार साल बाद 75 प्रतिशत को बाहर कर दिया जाएगा। युवाओं ने आवाज उठाई तो भविष्य खराब करने की धमकी दे चुप करा दिया। किसान एक साल तक आंदोलन करते रहे। सर्दी वर्षा में डटे रहे। उन्हें आतंकी कहा गया। सैकड़ों किसान की जान चली गई। मोदी को गलती मानने में एक साल लग गए।

घोषणा – सरकार बनी तो 72 हजार सीधे खाते में दिया जाएगा

राहुल ने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार आने पर न्याय योजना लागू कर हर गरीब, किसान, मजदूर के खाते में साल का 72 हजार रुपये सीधा बैंक खाते में डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात कही थी। 15-15 लाख देने का वायदा किया। किसानों से आमदनी दोगुनी करने का वादा किया, लेकिन किया कुछ नहीं। बाद में कह दिया ये तो जुमला था। मल्लिकार्जुन खरगे ने एक कविता के जरिए कहा कि था तुझे गुरुर अपने लंबे होने का ए सड़क, राहुल के हौसले ने तुझे पैदल ही नाप दिया।

गति- तय समय से तीन मिनट पहले पहुंचे राहुल

सनौली खुर्द से संजय चौक जीटी रोड की दूरी करीब 12 किलोमीटर दूरी है। राहुल गांधी सुबह 8:36 बजे सनौली खुर्द से चले। मेप के आधार पर एक पैदल व्यक्ति इस दूरी को 2:24 घंटे में तय कर सकता है। इसमें चार से पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार होती है। राहुल गांधी संजय चौक पर 12:05 बजे पहुंच गए। उन्होंने यह दूरी 2:21 घंटे में तय कर दी। यानी वे तीन मिनट पहले संजय चौक पर पहुंचे। राहुल गांधी की यह गति करीब 5.10 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।

Back to top button