पहलवानों के अखाड़े में पहुंचे राहुल गांधी, कई पहलवानों से की मुलाकात

WFI के विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सुबह हरियाणा के बहादुरगढ़ के छारा गांव स्थित अखाड़े में पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बजरंग पूनिया भी मौजूद रहे। इसी अखाड़े में रेसलर बजरंग पूनिया और दीपक पूनिया ने कुश्ती की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने अखाड़े में कुश्ती के दांव-पेंच सीखने वाले नए पहलवानों से भी मुलाकात की।
Vinesh Phogat ने खेल रत्न-अर्जुन अवॉर्ड लौटाने का किया ऐलान किया
मंगलवार को विनेश फोगाट ने खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड लौटाने का ऐलान किया है। विनेश ने पीएम के नाम दो पेज का लेटर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसमें लिखा- हमारे मेडल्स-अवॉर्ड्स को 15 रुपए का बताया जा रहा है। अब मुझे भी अपने पुरस्कारों से घिन आने लगी है। मुझे मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था, जिनका अब मेरी जिंदगी में कोई मतलब नहीं रह गया है।
बजरंग पुनिया ने लौटाया पद्मश्री
साक्षा मलिक के संन्यास के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने 22 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया के जरिए चिट्ठी लिखकर पद्मश्री अवॉर्ड लौटाने का ऐलान किया। बजरंग पूनिया ने लिखा कि मैं अपना पद्मश्री पुरस्कार प्रधानमंत्री जी को वापस लौटा रहा हूं। कहने के लिए बस मेरा यह पत्र है। वहीं 23 दिसंबर को वीरेंद्र सिंह (गूंगा पहलवान) ने भी पद्मश्री अवॉर्ड लौटाने का ऐलान किया था। वीरेंद्र सिंह को 2021 में पद्मश्री सम्मान मिला था।
साक्षी मलिक ने की थी कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा
21 दिसंबर को संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद साक्षी मलिक ने अपने जूते मीडिया के सामने टेबल पर रखे और कुश्ती छोड़ने का ऐलान किया। साक्षी मलिक ने भी गोंडा में टूर्नामेंट कराए जाने को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा- मैंने कुश्ती छोड़ दी है पर कल रात से परेशान हूं। वे जूनियर महिला पहलवान क्या करें जो मुझे फोन करके बता रही हैं कि दीदी इस 28 तारीख से जूनियर नेशनल होने हैं और वो नई कुश्ती फेडरेशन ने नन्दनी नगर गोंडा में करवाने का फैसला लिया है।





