राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के चलते यात्रा से लौटने का किया फैसला

उत्तर प्रदेश से निकलकर ‘भारत जोड़ो’ यात्रा दोबारा हरियाणा पहुंच गई है। लेकिन इस दौरान पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। खबर है कि मां सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के चलते उन्होंने लौटने का फैसला किया था। हालांकि, नेताओं का कहना है कि वह शुक्रवार को हरियाणा लौट चुके हैं। कन्याकुमार से शुरू हुई यात्रा का अंत श्रीनगर में होगा।

राहुल गांधी हरियाणा के सनोली खुर्द गांव में रुकने वाले थे। पानीपत के जरिए कांग्रेस की यात्रा ने हरियाणा में प्रवेश किया था। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया, ‘यात्रा हरियाणा में प्रवेश कर चुकी है। लेकिन राहुल जी को आज रात दिल्ली लौटना पड़ा, क्योंकि सोनिया जी बीमार हो गई हैं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘वह आज रात हरियाणा में नहीं गुजारने वाले हैं, लेकिन यात्रा कल सुबह 6 बजे (6 जनवरी) को शुरू होगी और पानीपत में दोपहल को रैली को संबोधित भी करेंगे।’ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया था।

दूसरा चरण फिर शुरू
भाषा के अनुसार, यात्रा हरियाणा में अपने दूसरे चरण के पहले दिन शुक्रवार सुबह यहां सनोली-पानीपत रोड से फिर से शुरू हुई। राहुल गांधी की अगुवाई वाली इस यात्रा ने उत्तर प्रदेश से गुरुवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा पानीपत में सनोली सीमा से फिर से शुरू हुई। हरियाणा के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। हुड्डा ने बताया था कि राहुल अपनी बीमार मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए गुरुवार रात को दिल्ली रवाना हुए थे। वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह लौटे।

Back to top button