पंजाब को मिलेंगे नए डाक्टर्स…

चंडीगढ़ : पंजाब का चिकित्सा, शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सुपर स्पैशलिस्ट और स्पैशलिस्ट डाक्टर्स की नियुक्ति करेगा। पंजाब के पास फिलहाल 20 सुपर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स ही हैं। अब जल्द ही 126 नए सुपर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स मिल जाएंगे। सुपर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स को पंजाब के सरकारी क्षेत्र की तरफ आकर्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वॉक इन इंटरव्यू फार्मूले को अपनाने का फैसला किया है। दो से तीन महीने पहले भी विभाग ने सुपर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे थे लेकिन डाक्टर्स के पद भरे नहीं जा सके थे। डाक्टर्स के विज्ञापन से लेकर स्क्रीनिंग, साक्षात्कार आमंत्रण, दस्तावेज संलगन, साक्षात्कार और उसके बाद साक्षात्कार के नतीजों के ऐलान में 3 से 4 महीनों का समय लग गया था।

डाक्टर्स के विज्ञापन से लेकर नियुक्ति पत्र भेजे जाने के बीच लंबे अंतराल के समय में सुपरस्पैशलिस्ट डाक्टर्स दूसरे निजी चिकित्सीय संस्थानों से जुड़ गए थे। ऐसे में अब विभाग ने विज्ञापन से नियुक्ति पत्र भेजे जाने के लंबे समय को छोटा करते हुए वॉक इन इंटरव्यू को अपना लिया है।

अमृतसर, पटियाला के मेडिकल कालेजों में किए जाएंगे नियुक्त
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब पंजाब को सुपरस्पैशलिस्ट कैडर में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रायनोलॉजी, आर्थोपेडिक्स, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, ओंकोलॉजी, मेडिकल ओंकोलॉजी, सर्जिकल ओंकोलॉजी, गैस्ट्रोओंकोलॉजी, रेडियोथैरेपी के डाक्टर्स मिलेंगे। सुपर स्पैशिलिस्ट डाक्टर्स को अमृतसर और पटियाला के मेडिकल कालेजों में नियुक्त किया जाएगा। सुपर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स के अलावा पंजाब की स्पैशलिस्ट डाक्टर्स की 181 पोस्ट भी भरी जाएंगी।

आर्थोपेडिक्स, पैथोलॉजी, साइकेट्री, सर्जिकल ओंकोलॉजी, मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, ईएनटी, ओपथैलमोलॉजी, गाइनीकोलॉजी, पलमोनरी, स्किन, रेडियोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, फोरेंसिक कम्युनिटी मेडिसिन जैसे संकायों में भी डाक्टर्स रखे जाएंगे। उधर, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ साइंसेज फरीदकोट में भी डाक्टर्स की नियुक्ति के लिए वॉक इन इंटरव्यू के विज्ञापन दिए गए हैं। फरीदकोट में पैथोलॉजी, साइकोलॉजी, रेडियोथैरेपी, मेडिसिन, आर्थोपेडिक्स विभागों में डाक्टर्स की नियुक्ति की जा रही है।

353 स्पैशलिस्ट कर रहे काम
पंजाब में स्पैशलिस्ट डाक्टर्स के 534 स्वीकृत पद हैं और उनमें से 353 पदों पर स्पैशलिस्ट डाक्टर्स अस्पतालों में काम कर रहे हैं। सुपरस्पैशलिस्ट के पदों के साथ स्पैशलिस्ट के 181 रिक्त पदों को भी विभाग वॉक इन इंटरव्यू से भरेगा।

सरकारी अस्पतालों में सुपरस्पैशलिस्ट डाक्टर्स की नियुक्ति है चुनौतीपूर्ण
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ.आकाशदीप का कहना है कि सुपर स्पैशलिस्ट और स्पैशलिस्ट डाक्टर्स के पद भर जाने के बाद पंजाब के अस्पतालों में उन बीमारियों का ईलाज भी हो सकेगा, जो अब तक संभव नहीं था। दिल के मरीजों से लेकर कैंसर के पेशैंट्स को गंभीर मर्ज के लिए निजी अस्पतालों तो कभी पी.जी.आई. चंडीगढ़, एम्स दिल्ली के धक्के खाने के लिए मजबूर होना पड़ता था।

डाक्टर्स को परेशान न होना पड़े इसलिए वॉक इन इंटरव्यू फार्मूला अपनाने का फैसला किया है। डॉ.आकाशदीप का कहना है कि सुपरस्पैशलिस्ट और स्पैशिलिस्ट डाक्टर्स को निजी अस्पताल भारीभरकम वेतन के पैकेज देते हैं इसलिए ज्यादातर डाक्टर्स निजी अस्पतालों से भी जुड़ जाते हैं परंतु जो डाक्टर्स चिकित्सीय क्षेत्र में मिशन के साथ आते हैं वह जरूर सरकारी अस्पतालों में काम करना चाहेंगे।

Back to top button