पंजाब: PGI में बनेगा देश का पहला Medical Museum

पी.जी. आई. में जल्द ही एक ऐसा मैडीकल म्यूजियम बनने जा है है, जो मैडीकल फील्ड को समर्पित होगा। यह पहली बार होगा जब किसी मैडीकल संस्थान में म्यूजियम का निर्माण किया जा रहा है। पी.जी. आई. की मैडीकल फील्ड की उपलब्धियों को देखने का मौका मिलेगा। साथ ही पी.जी. आई. का इतिहास यहां दिखाया जाएगा।

म्यूजियम का यह प्रोजैक्ट पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सरदार प्रताप सिंह कैरों के विजन का सम्मान है, जिसे भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का समर्थन प्राप्त रहा। पी.जी. आई. निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा कि म्यूजियम का निर्माण न केवल हमारी विरासत का संरक्षण है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक स्रोत भी है। यह उन दूरदर्शी नेताओं के लिए एक वसीयतनामा है, जिन्होंने पी.जी. आई. को शिक्षा के मंदिर और शिक्षा और रिसर्च में सबसे बेहतर बनाने के लिए स्थापित किया। यह महत्वाकांक्षी पहल है, जोकि पी.जी.आई. के संस्थापकों का सम्मान करती है।

कलाकृतियां संग्रह का मुख्य हिस्सा बनेंगी
पी.जी.आई. ने हाल ही में अपना 61 वां स्थापना दिवस मनाया है। इस लंबे सफर को यहां दिखाया जाएगा। इसमें ऐतिहासिक मैडीकल उपकरण, महान हस्तियों द्वारा हस्ताक्षरित पुस्तकें, पुरानी तस्वीरें और छह दशकों में इसके प्रतिष्ठित फैकल्टी द्वारा प्राप्त प्रतिष्ठित पुरस्कारों का संग्रह यहां होगा। यह कलाकृतियां म्यूजियम के संग्रह का मुख्य हिस्सा बनेंगी, जो संस्थान के गौरवशाली अतीत से एक ठोस संबंध प्रस्तुत करेंगी। म्यूजियम के साथ-साथ, पी.जी.आई. एक कॉफी टेबल बुक भी शुरू करेगा, जो समय-समय पर प्रकाशित होगी, जिसमें संस्थान की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। जोकि मैडीकल प्रोफैशनल्स के लिए सूचना और प्रेरणा का एक जरिया होगा। 1967 में पी.जी.आई. को पार्लियामेंट एक्ट द्वारा दर्जा मिला अटोनेमस बॉडी का, साथ ही पी.जी.आई. को इंस्टीच्यूट ऑफ नैशनल इम्पोटस घोषित कर दिया गया। पी.जी.आई. के इस सफर के कठिन लम्हों में पनपते अटूट विश्वास को यहां दिखाया जाएगा।

मील का पत्थर साबित होगा मैडीकल म्यूजियम 
पी.जी.आई. के डिप्टी डायरैक्टर पंकज राय ने कहा कि यह मैडीकल म्यूजियम मैडीकल संस्थानों के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह पूर्व छात्रों, वर्तमान छात्रों और लोगों को पी.जी.आई. की विरासत और उपलब्धियों को जानने का मौका देगा। मैडीकल फील्ड में पी.जी.आई. का एक अलग मुकाम बनाने का यह बेहतरीन अवसर है।

Back to top button