पंजाब: कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों के नाम किए घोषित

पंजाब के लिए कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों की घोषणा की है। सोमवार को जारी लिस्ट में पंजाब की होशियारपुर और फरीदकोट सीट से उम्मीदवारों का एलान किया गया है। यामिनी गोमर को होशियारपुर और अमरजीत कौर को फरीदकोट से उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस पार्टी ने सेवामुक्त अध्यापिका अमरजीत कौर साहोके को फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है। अकाली दल से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने वाली अमरजीत कौर साल 2013 से 2018 तक जिला परिषद मोगा की चेयरपर्सन रहीं और साल 2017 में उन्होंने लुधियाना जिले के विधानसभा क्षेत्र जगरांव से अकाली दल की टिकट पर चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रही थी। साल 2022 के चुनाव में जब उन्हें अकाली दल से टिकट नहीं मिला तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली थी।

अकाली दल ने चंडीगढ़ समेत छह सीटों पर उतारे प्रत्याशी
वहीं सोमवार को शिरोमणि अकाली दल ने छह सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दूसरी सूची की घोषणा की है। पार्टी ने बठिंडा से हरसिमरत कौर बादल को टिकट दिया है।

पार्टी ने फिरोजपुर से वरदेव सिंह नोनी मान, लुधियाना से रणजीत सिंह ढिल्लों, होशियारपुर से सोहन सिंह ठंडल को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने चंडीगढ़ सीट से हरदीप सिंह बटरेला को टिकट दिया है।

सोमवार को ही पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी को जालंधर से मैदान में उतारा गया है। केपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सूची में शामिल हैं। शिअद को जालंधर और होशियारपुर सीट से कोई मजबूत चेहरा नहीं मिल रहा है, ऐसे में केपी शिअद के चुनावी गणित में पूरी तरह फिट बैठ रहे हैं। महिंदर सिंह केपी जालंधर के दलित समाज में अच्छी पकड़ भी रखते हैं। यहां तक कि केपी चन्नी के करीबी माने जाते हैं। वह 2009 में जालंधर से सांसद बने थे। 2014 में होशियारपुर से विजय सांपला से वह हार गए थे। वह तीन बार विधायक और राज्य में दो बार मंत्री रह चुके हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान रह चुके हैं। पुराना चेहरा होने के कारण केपी की अच्छी पकड़ है।

Back to top button