पंजाब : इसरो अध्यक्ष पहुंचे लुधियाना, बोले- चंद्रयान-4 मिशन पर किया जा रहा काम

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने मंगलवार को कहा कि चंद्रयान-4 मिशन प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान एक सतत प्रक्रिया है और देश महान प्रगति के पथ पर है। डॉ. सोमनाथ ने कहा कि इसरो चंद्रमा के लिए अपने मिशन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए 2040 की शुरुआत में चंद्रमा पर उतरने का लक्ष्य रखा है और इसरो लगातार इसपर कार्य कर रहा है।
इसरो अध्यक्ष ने कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान के अलावा संगठन देश भर के छात्रों को विभिन्न प्रौद्योगिकी विकास परियोजनाओं में भी शामिल कर रहा है। पिछले साल अगस्त में भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा था।
इसरो चीफ ने कहा कि चंद्रयान तीन की सफलता के बाद अब इसरो के वैज्ञानिक चंद्रयान मिशन-4 पर काम कर रहे हैं। इस मिशन को लॉन्च करने से पहले चंद्रमा के बारे में हर तरह की जानकारियां इकट्ठा करने के लिए छोटे-छोटे क्राफ्ट भेजे जाएंगे। वहां से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर ही आगे कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा युवाओं के लिए भी इसरो कई प्रोजेक्ट चला रहा है और युवाओं को सर्टिफिकेट कोर्स भी कराए जा रहे हैं।





