पंजाब: 15 करोड़ रुपए का कर्जा न चुकाने पर बैंक ने सील किया होटल

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सोमवार को सेक्टर-35 स्थित होटल मेट्रो को 15 करोड़ रुपए का लोन न चुकाने पर सील कर दिया। बैंक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर-35 में होटल सील करने पहुंचे थे। होटल को सील करने से पहले बैंक अधिकारियों ने अंदर रखा सारा सामान बाहर निकाल लिया। होटल स्टाफ ने सारा सामान होटल के बाहर बरामदे में रख दिया।

जब होटल सील किया गया तो वहां लोगों की भीड़ लग गई। बैंक अब अपना कर्ज चुकाने के लिए अगले महीने मेट्रो होटल की नीलामी कर सकता है। सेक्टर-35 स्थित मेट्रो होटल के मालिक ने एस.बी.आई. बैंक से 15 करोड़ रुपए का लोन लिया था। मालिक ने 13 करोड़ रुपए का कर्ज भी चुका दिया, लेकिन वह बकाया कर्ज चुकाने में अस्मर्थ था।

बैंक ने पहले भी कई बार होटल को नोटिस दिया था लेकिन होटल ने बैंक का कर्ज नहीं चुकाया। बैंक कर्मचारी अपनी पूरी लीगल टीम और सेक्टर-36 थाना प्रभारी ओम प्रकाश पुलिस के साथ पहुंचे थे। उन्होंने होटल के बाहर जब्ती का नोटिस चिपका दिया। इसके बाद होटल के सभी कर्मचारियों को बाहर आने को कहा गया। कर्मचारियों ने मालिक से बात कर होटल का सारा सामान बाहर निकाल लिया। होटल स्टाफ ने धीरे-धीरे सामान निकालकर बाहर रख दिया।

जिला मजिस्ट्रेट के अधीन कार्यवाही
बता दें कि इस मामले में जिलाधिकारी ने सरफासी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आदेशों के तहत 3 नवंबर को तहसीलदार माल द्वारा पुलिस विभाग को बैंक पर कब्जा करने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा गया था। इसके चलते सोमवार को बैंक ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की। इस संबंध में होटल मालिक अरविंदर पाल सिंह ने कहा कि यह 15 करोड़ रुपए के लोन का मामला था। उन्होंने बैंक का 13 करोड़ रुपए का कर्ज पहले ही चुका दिया था और बाकी पैसे के लिए बातचीत चल रही थी, लेकिन इसके बावजूद बैंक ने सीलिंग की यह कार्रवाई की। अब इस मामले को ट्रिब्यूनल में ले जाया जाएगा, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।

Back to top button