पंजाब: खड़ी ट्रॉली से टकरा गई एंबुलेंस, मरीज की गई जान…

सब-डिवीजन तलवंडी साबो के गांव जीवन सिंह वाला में बीती रात एक मरीज को बठिंडा ले जा रही निजी अस्पताल की एंबुलेंस भूसे की गठरियां लेकर जा रही एक ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर से एंबुलेंस में सवार मरीज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मरीज के दो परिजन और अस्पताल के दो कर्मचारी समेत कुल चार लोग घायल हो गए। तलवंडी साबो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भारतीय किसान यूनियन (लाखोवाल) के प्रदेश महासचिव सरूप सिंह रामा ने बताया कि उनके ताया उदय सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी रामा मंडी को कल दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए तलवंडी साबो के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां से उन्हें बठिंडा रेफर कर दिया गया।
जब वे उक्त निजी अस्पताल की एंबुलेंस के माध्यम से बठिंडा जा रहे थे तो गांव जीवन सिंह वाला के पास सड़क पर खड़ी भूसे की गांठों वाली एक ट्राली से एंबुलेंस टकरा गई, जिस पर कोई रिफ्लेक्टर आदि नहीं लगा हुआ था। जिसमें उनके ताया उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में वह (सरूप सिंह) समेत जसपाल सिंह, एंबुलेंस ड्राइवर लवप्रीत सिंह और अस्पताल कर्मचारी लवदीप सिंह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल तलवंडी साबो लाया गया।
उधर, मृतक उदय सिंह के शव का सिविल अस्पताल तलवंडी साबो में पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया गया। वहीं, तलवंडी साबो थाने के जांच अधिकारी ए.एस.आई. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।





