आज से उत्तराखंड के 3 दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दीक्षांत समारोह में करेंगी प्रतिभाग…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज यानि मंगलवार को उत्तराखंड के दौरे पर आएंगी। वह गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल (अप्रा.) गुरमीत सिंह, केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट एवं प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी भी प्रतिभाग करेंगे।

दीक्षांत समारोह और राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति दोपहर में पंतनगर एयरपोर्ट उतरेंगी। उनकी सुरक्षा में लगभग 1000 पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) योगम्बर सिंह रावत ने पंतनगर पहुंच कर स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 35वें दीक्षांत समारोह के मौके पर 1041 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। इसके अलावा स्नातक स्तर पर सर्वोत्तम छात्रों को 11 स्वर्ण, 11 रजत पदक और 10 कास्यं पदक दिए जाएंगे।

बता दें कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक एक विद्यार्थी को सरस्वती पांडा, नागम्मा शांताबाई, डॉ. राम शिरामणि तिवारी, चौधरी चरण सिंह मैमोरियल, पूरण आनंद अदलखा एवं भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। दो विद्यार्थियों को भारत रत्न गोविन्द बल्लभ पंत पदक भी प्रदान किए जाएंगे। अंत में राष्ट्रपति द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगी।

Back to top button