वाराणसी के दशाश्वमेघ घाट पर शिंजो आबे की आत्मा की शांति के लिए की जाएगी प्रार्थना

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आत्मा की शांति के लिए वाराणसी के दशाश्वमेघ घाट पर विशेष प्रार्थना की जाएगी जहां उन्होंने आरती की थी। भारत दौरे पर आए शिंजो आबे ने वाराणसी के दशाश्वमेघ घाट पर पीएम मोदी के साथ गंगा माता की आरती की थी। काशी को क्योटो बनाने के सपने को लेकर शिंजो आबे वाराणसी आए थे। शिंजो आबे की मौत की खबर से वाराणसी के लोग स्तब्ध हैं। 

15 दिसंबर 2015 को शिंजो आबे भारत की यात्रा पर आए थे। इस दौरान वो वाराणसी भी गए थे जहां उन्होंने पीएम मोदी के साथ गंगा आरती में हिस्सा लिया था। वाराणसी के गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने कहा कि शिंजो आबे का वाराणसी के गहरा रिश्ता था इसलिए हम उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे। शुक्रवार को दशाश्वमेघ घाट पर शिंजो आबे की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी।

गौरतलब है कि शुक्रवार को जापानी समय के मुताबिक सुबह 11 बजे शिंजो आबे को एक सभा के दौरान गोली मार दी गई थी। आबे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि हमलावर ने आबे को दो गोलियां मारी जो उनके सीने और गर्दन को छेदते हुए बाहर निकल गई। गोली लगते ही आबे सड़क पर गिर गए जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन काफी कोशिश के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

Back to top button