24 अगस्त को प्रयागराज आएंगे राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 24 अगस्त को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज आएंगे। राहुल गांधी यहां पर आयोजित संविधान सम्मान सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस इस सम्मेलन के जरिए सामाजिक न्याय, जाति जनगणना और संविधान बचाने के मुद्दे को निरंतर धार देगी।

कांग्रेस पूरे देश में चलाएगी जाति जनगणना के मुद्दे पर आंदोलन
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव के दौरान जाति जनगणना और संविधान बचाने के मुद्दे को लेकर अभियान चलाया गया। राहुल गांधी ने अपनी यात्रा और जनसभाओं में भी इस मुद्दे को उठाया। इसके बाद लखनऊ में आयोजित संविधान सम्मेलन में भी इस मुद्दे को उठाया। अब चुनाव बाद भी पार्टी की ओर से पूरे देश में जाति जनगणना के मुद्दे पर आंदोलन चलाने का फैसला लिया गया है। इसी के चलते राहुल गांधी 24 अगस्त को राहुल गांधी प्रयागराज आ रहे हैं।

सम्मेलन में यह भी होंगे शामिल
बता दें कि प्रयागराज में इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन कन्वेंशन सेंटर में संविधान सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया है। सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस के बजाय विभिन्न सामाजिक चेतना फाउंडेशन न्याय और समृद्ध भारत की ओर से किया जा रहा है। इस सम्मेलन में राहुल गांधी मुख्य वक्ता के तौर पर हिस्सा लेंगे। वहीं,  सम्मेलन में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह यादव सहित देशभर के संविधानविद, प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर आदि भी शामिल होंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में 69,000 सहायक शिक्षकों की भर्ती पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय का फैसला आरक्षण व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की साजिशों को करारा जवाब है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पढ़ाई करने वालों को ‘लड़ाई’ करने पर मजबूर करने वाली भाजपा सरकार सही मायने में युवाओं की दुश्मन है।

Back to top button