प्राण प्रतिष्ठा समारोह: घाटी में भी गूंजे श्रीराम के जयघोष

राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो गया है। सोमवार को कश्मीर घाटी में श्री राम के जयघोष गूंजे। प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर श्रीनगर तक राम भक्त अपने आराध्य के स्वागत में जश्न में डूबे हुए हैं।

श्रीनगर के ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर में इस अवसर पर विशेष पूजा हुई। इस दौरान हर भक्त श्री राम के रंग में नजर आया। लोगों ने यहां भगवान के दर्शन कर सुख शांति की प्रार्थना की। भक्तों ने यहां राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का खूब जश्न मनाया। पूजन के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के मट्टन के सूर्य मंदिर में भी विशेष पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। यहां हर किसी ने राम मंदिर की शुभकामनाएं दीं और घाटी में शांति और प्रगति की कामना की।

जम्मू और कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट इस ऐतिहासिक मंदिर का प्राथमिक संरक्षक है। हमारे ट्रस्टी, श्री महाराजा हरि सिंह के पुत्र डॉ. करण सिंह ने भी हमें भक्तों के लिए अपनी शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने कश्मीर में सभी की शांति, खुशी और समृद्धि की कामना की। यह एक खुशी का मौका है। मुख्य पुजारी ने बताया, ‘हमने पूरी दुनिया में शांति और भाईचारे के लिए आज सुबह हवन आयोजित किया।’

सोमवार को हुए कार्यक्रम में एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रदर्शन करते हुए विविध पृष्ठभूमि के लोग एक साथ आए। प्रार्थनाओं और भक्ति मंत्रों के बीच, लोगों ने अयोध्या में ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर खुशी व्यक्त की।

जम्मू शहर के रघुनाथ मंदिर में रविवार को रामायण के अखंड पाठ और भजन संध्या हुई। चित्रकूट से आए पंडितों ने रामायण का अखंड पाठ शुरू किया है जो सोमवार 10 बजे तक जारी रहा। रघुनाथ मंदिर में 20 फीट की एलईडी पर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

जम्मू शहर के संजय नगर, नानक नगर, गांधी नगर, वेयर हाउस, रघुनाथ मंदिर, शिव मंदिर रेहाड़ी, अग्रवाल सभा, जेएंडके ब्राह्मण सभा भी एलईडी लगाकर लोगों को अयोध्या का सीधा प्रसारण दिखाया गया। शहर के रघुनाथ मंदिर, वेयर हाउस, लक्ष्मी नारायण मंदिर, गांधी नगर, बावे वाली माता, तवी पुल पर बड़े भंडारे आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा तवी पुल और वेयर हाउस सहित कई जगहों पर आतिशबाजी की गई।

Back to top button