अश्लील वीडियो मामले में घिरे पूर्व सीकेडी प्रधान के बेटे ने मारी खुद को गोली
अमृतसर। चीफ खालसा दीवान (सीकेडी) के बर्खास्त प्रधान चरणजीत सिंह चड्ढा के बेटे इंद्रप्रीत ने बुधवार को खुद को गोली मारकर अात्महत्या कर ली। पिता की अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद इंद्रप्रीत से गत दिवस स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) ने पूछताछ की थी। इंद्रप्रीत की खुदकशी की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं।
अदालत ने इंद्रप्रीत को पीडि़ता को धमकाने के आरोप में चार दिन के भीतर पुलिस जांच मे शामिल होने का आदेश दिया था। उससे एसआइटी के चेयरमैन व एडीपीसी (क्राइम) हरजीत सिंह धालीवाल, एसीपी परविंदर कौर और इंस्पेक्टर वरिंदर महाजन ने बारी-बारी से आरोपी से 30 से ज्यादा सवाल पूछे थे। वह कई सवालों पर सन्न रह गया था। इसके बाद से वह परेशान था।
पुलिस के मुताबिक इंद्रप्रीत सिंह ने एसआइटी के समक्ष पेश होने से दो घंटे पहले चेयरमैन को सूचित कर दिया था। मंगलवार को तीन बजे के बाद इंद्रप्रीत सिंह अपने तीन वकीलों और कुछ दोस्तों के साथ जांच में शामिल होने के लिए पहुंचा था। पूछताछ से पहले टीम ने सभी को कार्यालय से बाहर रहने के आदेश दिए थे। इसके बाद दो घंटे तक उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने एक सूची तैयार कर रखी थी। जिसपर तीस से ज्यादा सवाल लिखे हुए थे। एसआइटी के तीनों अधिकारियों ने इंद्रप्रीत सिंह से सवाल पूछे। हालांकि बार-बार इंद्रप्रीत यही कह रहा था कि वह बेकसूर है और उसे साजिश के तहत केस में फिट किया गया है।
कहा था, महिला को मैं नहीं जानता
इंद्रप्रीत ने फोन पर बताया कि जिस पीड़िता के कहने पर उसके खिलाफ धमकियां देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है उस महिला से न तो वह कभी मिला है और न ही उसे कभी फोन किया। वह चंडीगढ़ में अपने धार्मिक कार्यों के व्यस्त है। वह रोजाना पीजीआइ और गुरुद्वारा प्रत्यक्ष दर्शन में जाकर सेवा करते थे। सौ से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई, रहने और खाने का प्रबंध तक वह करवा रहे थे। इसके साथ ही पीजीआइ में मरीजों के परिवारों को रहने और खाने की सुविधा मुहैया करवाते थे। वहीं, बुधवार को अचानक इंद्रप्रीत ने खुद को गोली मारकर खुदकशी कर ली।





