सरकारी अफसर से जबरन पराली को आग लगवाने पर सीएम मान के आदेशों पर पुलिस ने की कार्रवाई

बठिंडा के गांव महिमा सरजा में एक सरकारी अधिकारी से जबरदस्ती पराली को आग लगाने के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों के बाद पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। इस मामले में पुलिस ने किसानों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एस.एस.पी. बठिंडा ने कहा कि सिविल प्रशासन के एस.डी.ओ. से जबरन पराली में आग लगवाई गई थी और फिर उसका वीडियो भी वायरल कर दिया गया, जिसके आधार पर किसानों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा किसानों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई का दिया था संदेश
बठिंडा के गांव महिमा सरजा में पराली को आग न लगाने का संदेश लेकर गए सरकारी अधिकारी से कुछ किसानों द्वारा जबरन पराली में आग लगाने की घटना पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा नोटिस लिया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रिय पंजाबियों, तुमने कौन सा रास्ता अपनाया? पराली न जलाने का संदेश लेकर गया था सरकारी मुलाजिम, परंतु उससे पराली में आग लगवाई, हवा को गुरु साहिब ने गुरु का दर्जा दिया। हम इस दर्जे को बर्बाद करने के लिए अपने हाथों में तीलीयां लेकर अपने बच्चों के हिस्से की ऑक्सीजन को नष्ट करना शुरू कर रहे हैं। पर्चा दाखिल किया जा रहा है।’
जबरन लगवाई गई आग
बुर्ज महिमा गांव में खेतों में पड़ी पराली जलाने से प्रशासन की टीम रोकने पहुंची थी। किसानों ने इसका विरोध किया और प्रशासन की टीम को घेर लिया। इसी बीच किसानों ने अधिकारी को बंधक बना लिया। काफी देर तक बहस के बाद किसानों ने प्रशासन की टीम के अधिकारियों से पराली में आग लगवाई। इस घटना का वीडियो भी बनाया गया। जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।





