पीएम नरेंद्र मोदी ने बदला उत्तराखंड दौरे का शेड्यूल, अब इस दिन आएंगे बाबा केदार के धाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब छह नवंबर को बाबा केदार के दर्शन करने आएंगे। राज्य सरकार के आग्रह पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने नौ नवंबर को प्रस्तावित दौरे की तारीख में बदलाव किया है। पीएम के दौरे के मद्देनजर व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्य सचिव के नेतृत्व में अफसरों की एक टीम आज केदारनाथ धाम जाएगी।पीएम नरेंद्र मोदी ने बदला उत्तराखंड दौरे का शेड्यूल, अब इस दिन आएंगे बाबा केदार के धाम

पहले केदारधाम के कपाट बंद होने के मौके पर पीएम मोदी को नौ नवंबर को केदारधाम आना था। इस बारे में पीएमओ से कार्यक्रम भी आ गया था। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से पीएमओ से तारीख बदलने का आग्रह किया गया।

मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने पीएमओ से कहा कि दीपावली के पर्व की वजह से नौ नवंबर का कार्यक्रम कुछ पहले कर लिया जाए। पीएमओ से यह भी कहा गया कि नौ नवंबर की सुबह 8.20 बजे कपाट बंद हो जाएंगे।

ऐसे में अगर मौसम खराब हुआ तो दिक्कत हो सकती है। पीएमओ ने राज्य सरकार के आग्रह पर अब पीएम मोदी का केदारधाम का दौरा छह नवंबर का तय किया है। 

इधर, पीएम के छह नवंबर के दौरे के मद्देनजर केदारधाम में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह के साथ अफसरों की एक टीम आज रविवार को केदारधाम जाएगी।

इस टीम में प्रमुख सचिव (गृह) आनंदवर्द्धन, पर्यटन विभाग भी देख रहे (वित्त) सचिव अमित नेगी, गढ़वाल आयुक्त शैलेश बगौली, सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी समेत अन्य अफसर शामिल हैं।

Back to top button