एमए स्टेडियम में पीएम मोदी करेंगे रैली, सुरक्षा घेरे में आयोजन स्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 फरवरी को जम्मू के एमए स्टेडियम में रैली करेंगे। मंगलवार को आयोजन स्थल एमए स्टेडियम को सुरक्षा एजेंसियों ने घेरे में ले लिया। स्टेडियम को पूरी तरह से बंद करके सभी प्रकार की खेल गतिविधियां रैली के दिन तक स्थगित कर दी गई हैं। रैली को देखते हुए कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को एमए स्टेडियम का निरीक्षण किया।
उधर, पार्टी कैडर को जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों से लोगों को रैली में लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। आगामी दिनों में जम्मू-कश्मीर मामलों के प्रभारी तरुण चुग, सह प्रभारी आशीष सूद, पीएमओ में मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
एम्स, आईआईएम, आईआईटी का शुभांरभ
त्रिकुटा नगर सहित पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को रैली संबंधी तैयारियों पर बैठक की गई। रैली को आगामी लोकसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है। इस दौरान भीड़ को संबोधित करने के साथ पीएम मोदी द्वारा प्रतिष्ठित एम्स, आईआईएम, आईआईटी, रियासी के रेल पुल आदि परियोजनाओं का ई उद्घाटन करना प्रस्तावित है।
इसी दिन से एम्स में ओपीडी और लेबोरेटरी सेवाएं शुरू की जाएंगी। आगामी 17 से 18 फरवरी को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक हो रही है, जिसमें पार्टी के लगभग सभी दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के प्रभारी और सह प्रभारी का आना प्रस्तावित है।
डेढ़ लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य
पार्टी सूत्रों के अनुसार मोदी की रैली में निर्धारित तिथि को सुबह 11 बजे तक लोगों को एमए स्टेडियम में बिठा दिया जाएगा, जिसके बाद 12 से 12.30 के बीच में प्रधानमंत्री का आना प्रस्तावित है। बताया जाता है कि पीएमओ में मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की देखरेख में रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें डेढ़ लाख लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया।
जम्मू जिला से करीब बीस हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी मुख्यालय में भाजपा जम्मू जिले की बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के महासचिव और पूर्व एमएलसी विबोध गुप्ता ने मोदी सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं के कार्यान्वयन के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुद को राष्ट्र और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के लिए समर्पित किया है और विश्व गुरु भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने कहा कि यह वास्तव में बहुत संतुष्टि की बात है कि महिलाएं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं।
ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्हें एहसास हुआ है कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान और कल्याण बढ़ा है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कपाही, पूर्व मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, पूर्व मेयर राजेंद्र शर्मा, जिलाप्रभारी राजीव चाड़क, सुनील प्रजापति आदि मौजूद रहे।





