PBL-4: 6 करोड़ के लिए मारिन, सिंधु, साइना जैसे दिग्गजों की 9 में टीमों होगी टक्कर

दुनिया की सबसे महंगी बैडमिंटन लीग वोडाफोन प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) का चौथा सीजन शनिवार से शुरू हो रहा है. यहां कैरोलिना मारिन, पी.वी. सिंधु और साइना नेहवाल जैसी दिग्गज खिलाड़ियों की टीमें छह करोड़ की ईनामी राशि और ट्रॉफी के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती नजर आएंगी. बीते सीजन की विजेता हैदराबाद हंटर्स की कमान इस बार सिंधु के हाथों में है. एक तरह से सिंधु की यह घर वापसी है. सिंधु पिछले सीजन चेन्नई स्मैशर्स से खेली थीं. इस बार उन पर हैदराबाद के विजयी अभियान को जारी रखने की जिम्मेदारी है. 
सिंधु ने एक बयान में कहा, “अपनी घरेलू टीम के लिए खेलना खास है. हम मौजूदा विजेता हैं और मैं जानती हूं कि मेरी जिम्मेदारी जीत के सिलसिले को कायम रखना है.” सिंधु को पहले मैच में ही नई टीम पुणे 7 एसेस का सामना करना है. इस टीम की कमान बीते सीजन हैदराबाद को जीत दिलाने वाली रियो ओलम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन पर हैं.
पहले मैच में आमने सामने होंगी सिंधु-मारिन
पहले मैच में यह दोनों दिग्गज आमने-सामने होंगी. मारिन ने एक बयान में कहा, “मुझे भारत आना और पीबीएल में खेलना बेहद पसंद है. दो साल हैदराबाद के साथ खेलना मेरे लिए काफी अच्छा रहा है और अब मैं पुणे के साथ खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं. जहां तक सिंधु के साथ मुकाबले की बात है तो हम दोनों हर मैच जीतना चाहते हैं. मेरा काम अपनी काबिलियत के मुताबिक सर्वश्रेष्ठ खेलना है और मैं निश्चित तौर पर उन्हें कोई मौका नहीं दूंगी.”





