बाघपुर में पुलिस टीम पर पथराव, हेडकांस्टेबल का सिर फोड़ा

महेंद्रगढ़ के कनीना क्षेत्र में 22 अप्रैल को ज्वेलरी शॉप पर लूट के इरादे से फायरिंग करने के आरोपियों को पकड़ने के लिए झज्जर के बेरी क्षेत्र के बाघपुर गांव पहुंची महेंद्रगढ़ और बेरी पुलिस पर लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें सिर में ईंट लगने से हेडकांस्टेबल घायल हो गया। आरोपियों ने हेडकांस्टेबल को दांत से भी काटा।

बामुश्किल हेडकांस्टेबल को हमलावरों के कब्जे से छुड़ाया गया। हमलावरों ने पकड़े गए एक आरोपी को छुड़वाने और पुलिस की पिस्तौल छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने शोरूम पर फायरिंग के दो आरोपियों को पकड़ लिया जबकि एक फरार हो गया। पुलिस ने 12 लोगों को नामजद कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

कनीना में 22 अप्रैल को ज्वेलरी शॉप लूटने के इशारे से आए लुटेरों ने फायरिंग की थी। लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग गए थे, तभी से आरोपी फरार चल रहे थे। इस मामले में कनीना थाना प्रभारी सुधीर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कनीना ज्वेलर्स शोरूम पर फायरिंग करने वाले आरोपी बेरी व बाघपुर गांव में छिपे हुए हैं।

पुलिस टीम शुक्रवार शाम को बेरी व बाघपुर में पहुंची। कनीना पुलिस ने बेरी पुलिस को साथ लेकर गोशाला मार्ग पर एक आरोपी बेरी निवासी कुलदीप को गिरफ्तार कर किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि कनीना में फायरिंग करने मामले में दो आरोपी और शामिल हैं जो गांव बाघपुर में अतुल के घर छिपे हैं।

पुलिस टीम गांव बाघपुर में अतुल के घर पहुंची। पुलिस ने मकान का दरवाजे पर दस्तक दी तो कमरे में पांच लड़के बैठे हुए थे। पुलिस की टीम ने गांव रेढुवास निवासी कपिल के बारे में पूछा तो वह भागने लगा। कमरे में मौजूद सभी लड़कों ने कपिल को छुड़वाने के लिए ने पुलिस की टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी की पिस्तौल छीनने का प्रयास किया।

वहां मौजूद महिलाओं सहित करीब एक दर्जन लोगों ने सरकारी गाड़ी व पुलिस टीम पर ईंट पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इसमें बेरी थाने के हेडकांस्टेबल सतेंद्र को अतुल ने सिर में ईंट मारी। इस दौरान अन्य लोगों ने भी हैडकांस्टेबल सतेंद्र को दांत से काट लिया। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद सतेंद्र को हमलावरों कब्जे से छुड़ाया।

इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी कुलदीप उर्फ कल्लू को भी छुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने इस दौरान मनु उर्फ अभिमन्यु और विजयंत को पकड़ लिया और वहां से निकल आई। पुलिस ने इस मामले में कपिल उर्फ दादा, अतुल, मन्नु उर्फ अभिमन्यु, मोनु, राजा उर्फ राजबीर, बसंत, बिजेन्द्र, राखी, अभिमन्यु की पत्नी, राजा उर्फ राजबीर की पत्नी उर्फ दादी, सागर छारा, विजयंत व अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

22 अप्रैल को कनीना में ज्वेलर्स शोरूम पर फायरिंग करने वाले आरोपी बेरी व बाघपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी। टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामार कार्रवाई की थी। एक आरोपी को बेरी से गिरफ्तार कर लिया गया था और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गांव बाघपुर में गई थी। वहां मौजूद लोगों ने सरकारी गाड़ी पर ईंट व पत्थर मारे व पिस्तौल छीनने का प्रयास किया था। बेरी निवासी कुलदीप व बाघपुर निवासी विजयंत को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेढूवास निवासी कपिल भागने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम पर हमले की करने पर कार्रवाई की गई है। -सुधीर कुमार, थाना प्रभारी कनीना

ज्वेलर्स शोरूम पर फायरिंग करने के मामले में कनीना पुलिस की टीम बेरी व बाघपुर में कार्रवाई करने के लिए आई थी। इसमें टीम पर ईंट पत्थर बरसाने व सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने की शिकायत कनीना थाना प्रभारी ने दी है। शिकायत के आधार पर कपिल, अतुल, मन्नू, मोनू, राजा, बसंती, बिजेंद्र, राखी, सागर छारा, विजयंत, अभिमन्यु की पत्नी,राजबीर की पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। -जयकरण, जांच अधिकारी, बेरी थाना

Back to top button