अब घर बैठे बनवा सकते हैं मोबाइल ऐप के जरिए पासपोर्ट
अब आप घर बैठे मोबाइल ऐप के जरिए पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय द्वारा शुरू की गई इस सेवा से उन लोगों को राहत मिलेगी, जो अपने मूल स्थान पर नहीं रहते हैं और उन्हें दूसरे शहरों से पासपोर्ट बनवाने के लिए जाना पड़ता था। इससे उनका काफी समय और पैसा बर्बाद होता था। लेकिन अब मोबाइल ऐप के जरिए पासपोर्ट का आवेदन करना आसान हो गया है। 
अब नागरिकों को पासपोर्ट ऐप के माध्यम से कई नई सुविधाएं मिलेंगी। इनमें नए पासपोर्ट का आवेदन, पुलिस फॉर्म भरने की सुविधा, ऑनलाइन पेमेंट और अपॉइंटमेंट को शेड्यूल व कैंसिल करने की सुविधा भी मिलेगी।
जिनके पास पहले से पासपोर्ट है, उनको भी इस ऐप के माध्यम से कई सुविधाएं मिलेंगी। ऐसे पासपोर्ट धारक भी अपनी जानकारी में बदलाव करा सकेंगे, एक्सपायर हुए पासपोर्ट का नवीनीकरण करा सकेंगे। पेज खत्म होने, पासपोर्ट के खराब होने व खो जाने पर भी इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।
- – सबसे पहले अपने मोबाइल में एम-पासपोर्ट सेवा ऐप को गूगल प्ले स्टोर या फिर ऐप स्टोर से डाउनलोड करना होगा।
- – ऐप के डाउनलोड हो जाने के बाद नए यूजर रजिस्ट्रेशन पर टैप करना होगा।
- – इसके बाद जिस शहर में आप रह रहे हैं वहां के पासपोर्ट ऑफिस को सलेक्ट करें।
- – इसके बाद अपना नाम, जन्मतिथि व ई-मेल आईडी की जानकारी देनी होगी।
- – इसके बाद आपको अपनी एक यूनिक लॉग-इन आईडी और पासवर्ड देना होगा।(आप अपनी ई-मेल आईडी को भी लॉग-इन आईडी बना सकते हैं।)
- – इसके बाद एक सुरक्षा प्रश्न व उसका उत्तर देना होगा, ताकि पासवर्ड भूल जाने की स्थिति पर आप इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
- – फिर कैप्चा कोड को लिखकर के सबमिट करना होगा। इसके पश्चात आपके ई-मेल आईडी पर अकाउंट को सक्रिय करने के लिए वैरिफिकेशन लिंक भेजा जाएगा।
- – लिंक पर क्लिक करने के बाद आपसे पुष्टि के लिए लॉग-इन आईडी मांगी जाएगी।
- – पुष्टि होने के पश्चात ऐप को बंद करके फिर से खोलें और वर्तमान यूजर पर क्लिक करें।
- – अब आप नए पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह बात जान लें कि विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट को जारी करने की इसके बाद की प्रक्रिया में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया है। उसके लिए पहले की तरह आपको वैसे ही पासपोर्ट ऑफिस जाकर के अन्य प्रक्रिया को पूरा करना होगा। केवल आवेदन करने के लिए ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे।





