आतंकियों की कायराना हरकत: त्राल में छुट्टी पर आए जवान को मारी गोली, सुरक्षाबल ने इलाका घेरा

सोफीगुंड त्राल में आतंकवादियों ने कायराना हरकत को अंजाम दिया है। यहां छुट्टी पर आए एक जवान पर आतंकियों ने हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं हमले के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छुट्टी पर आए सेना के एक जवान को खानागुंड त्राल में उसके घर के बाहर आतंकवादियों ने गोली मार दी है। जवान के पैर में गोली लगी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू हो गया।
आज ही सेना की एक पोस्ट पर हुआ ग्रेनेड हमला
इससे पहले आज ही पुंछ जिले में आतंकवादियों ने सेना की एक पोस्ट पर ग्रेनेड हमला किया, लेकिन इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। आतंकवादियों ने सेना के पोस्ट पर दो ग्रेनेड फेंके, जिनमें से केवल एक ही फटा। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को पकड़ने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।





