पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश को किया संबोधित…

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से जल रहे पाकिस्तान में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हिंसा के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान शहबाज ने इमरान खान पर जमकर निशाना साधा। इमरान की गिरफ्तारी के 31 घंटे बाद देश को संबोधित करते हुए रात करीब 10 बजे उन्होंने कहा कि इमरान के जालिम शासन के बाद उन्हें सत्ता मिली। इमरान के समय कई नेता जेल के अंदर थे। इमरान के जालिम शासन में तुरंत गिरफ्तारी हो जाती थी। तब जुर्म नहीं, चेहरा देखा जाता था।

पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच, एक विशेष अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बुधवार को आठ दिन के लिए भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी की रिमांड में भेज दिया, जबकि एक सत्र अदालत ने भ्रष्टाचार के एक अलग मामले में उन्हें आरोपित किया। इमरान की गिरफ्तारी के विरोध में लगातार दूसरे दिन, देश के विभिन्न हिस्सों में हुए हिंसक प्रदर्शनों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन प्रांतों में सेना तैनात करनी पड़ गई।
हिंसा को लेकर इमरान खान पर भड़ास निकालते हुए शहबाज शरीफ ने कहा, “उनके शासनकाल के दौरान बदले की कार्रवाई होती थी। विपक्षी नेताओं को फर्जी केसों में जेल भेजा गया। इल्जाम पर ही गिरफ्तारी हो जाती थी। हम पर जो इल्जाम लगाए, वो साबित नहीं हुए।” शहजाब ने कहा कि हमारा 40 साल का रिकॉर्ड खंगाला गया लेकिन हमने कानून का सामना करने से इनकार नहीं किया।





