पाक पीएम अब्बासी का बयान, कहा- आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है

पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी ने कहा कि उनका देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस्लामी आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान ने परिणाम दिया है।अब्बासी

वाशिंगटन ने इस्लामाबाद पर अफगान तालिबान और हक्कानी नेटवर्क के आतंकियों की तरफ आंखें मूंदे रहने या उन्हें मदद करने का आरोप लगाया। ये आतंकी संगठन अफगानिस्तान में हमले करते हैं। पाकिस्तान ने इस आरोप को खारिज किया, लेकिन इसके बाद अमेरिका के साथ उसका रिश्ता खराब हो गया।

इसे भी पढ़े: अमेरिकी पुलिस ने दी जानकारी, मिला हुआ शव लापता भारतीय बच्ची का ही है

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को अपना व्यवहार बदलने या इसका परिणाम झेलने पर जोर दिया था। अमेरिकी अधिकारियों ने सहायता में कटौती और पाकिस्तानी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की धमकी दी थी। दोनों देशों के बीच रिश्ते में तनाव बने रहने के बीच मंगलवार को अपने पहले पाकिस्तान दौरे पर टिलरसन यहां पहुंचे।

यात्रा से पहले टिलरसन ने अपने नीतिगत भाषण में अमेरिका के साथ भारत के बढ़ते रणनीतिक संबंधों और अफगानिस्तान में भारत की बड़ी भूमिका की ट्रंप की पेशकश का उल्लेख किया था। वह ट्रंप प्रशासन के पहले वरिष्ठ सदस्य हैं जो पाकिस्तान की यात्रा पर आए हैं।

अफगानिस्तान की औचक यात्रा के दौरान सोमवार को टिलरसन ने संकेत दिया था कि वह पाकिस्तान को आतंकी संगठनों को अपने यहां पनाह देना बंद करने को दृढ़ता से कहेंगे। उन्होंने पाकिस्तान से अपने यहां से तालिबान और अन्य आतंकी संगठनों को मिलने वाली मदद रोकने के लिए कार्रवाई करने को कहा।

Back to top button