पद्मश्री गिरिराज किशोर ने कहा-विदेश में हिंदी बोलने का दिखावा करते हैं पीएम…

यूपी के कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार पद्मश्री गिरिराज किशोर ने पीएम मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर कई तंज कसे। इस दौरान उन्होने शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होने शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी के बयान जिसमें उन्होंने राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले कट्टर मुस्लिमों को पाकिस्तान और बांग्लादेश जाने के लिए कहा था, उस पर साहित्यकार पद्मश्री गिरिराज किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा है कि आखिर देश के मुसलमान पाकिस्तान क्यों जाएं ? पाकिस्तान कोई धर्मशाला है क्या? शनिवार को वह पीपीएन डिग्री कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में आए थे।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिसे देखो मुस्लिमों को पाकिस्तान भेजने की बात कहता रहता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कट्टर मुस्लिमों को पाकिस्तान भेजने के लिए कह रहे हो, तो कट्टर हिंदुओं को कहां भेजोगे।





