ED की बड़ी कार्रवाई, पी चिदंबरम के बेटे संपत्ति जब्त… बैंक खाते भी किए सील

नई दिल्ली: एयरसेल मैक्सिस डील में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम से जुड़ी 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ती जब्त कर ली है। इसमें कार्ति के बैंक खाते और एफडी के अलावा प्रॉपर्टी भी शामिल है। जांच के दौरान ED को पता चला कि एयरसेल मैक्सिस केस में FIPB अप्रूवल पूर्व वित्त मंत्री पी.चिदंबरम ने ही दिया था। ED को यह भी पता चला है कि कार्ति और पी.चिदंबरम की भतीजी की कंपनी को मैक्सिस ग्रुप से 2 लाख डॉलर मिले थे।
गौरतलब है कि केंद्रीय जांच एजेंसी एयरसेल-मैक्सिस डील में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की भूमिका की भी जांच कर रही है। दरअसल, 2006 में मलयेशियाई कंपनी मैक्सिस द्वारा एयरसेल में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के मामले में रजामंदी देने को लेकर चिदंबरम पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगा है।
केस पर नजर डालें तो तत्कालीन टेलिकॉम मंत्री दयानिधि मारन पर आरोप लगा था कि उन्होंने एयरसेल के मालिक सी शिवकृष्णन पर मलयेशियाई कंपनी मैक्सिस को कंपनी की हिस्सेदारी बेचने की डील तैयार की थी। आरोप था कि इसके बदले मारन के टेलिविजन बिजनस में भारी निवेश किया गया।
ED ने जब्त पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की संपत्तियां
एयरसेल-मैक्सिस डील केस की जांच के सिलसिले में ईडी ने जब अडवांटेज स्ट्रैटिजिक और वासन हेल्थकेयर के डायरेक्टरों के घरों और दफ्तरों की तलाशी ली थी। इस दौरान मिले दस्तावेज के आधार पर ईडी ने चेस ग्लोबल एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लि. की भी तलाशी ली।
कार्ति इस कंपनी के डायरेक्टर थे। जांच अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान मिले कागजातों की छानबीन और इनकम टैक्स के डॉक्युमेंट्स से पता चलता है कि कार्ति का एडवांटेज स्ट्रैटिजिक, सेक्वोया और वेस्टब्रिज से नजदीकी संबंध थे।





