ऑपरेशन कावेरी का सिलसिला लगातार जारी, आज बेंगलुरु पहुचेंगे 229 भारतीय

अफ्रीकी देश सूडान में गृहयुद्ध संकट में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी की मुहिम ‘ऑपरेशन कावेरी’ लगातार जारी है। भारतीय नागरिकों का सांतवा जत्था जेद्दा से बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया है। 7वीं आउटबाउंड में सूडान से 229 भारतीय नागरिकों को लाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। वह सभी आज फ्लाइट से सुरक्षित बेंगलुरु पहुंच जाएंगे।

बीते दिन सूडान से लौटे थे 365 भारतीय नागरिक

ऑपरेशन कावेरी के तहत इससे पहले बीते दिन 365 भारतीय नागरिकों के साथ छठी ऑपरेशन कावेरी फ्लाइट जेद्दा से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि भारतीय नागरिकों को लेकर एक और विमान जेद्दा से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। इस छठी आउटबाउंड फ्लाइट में सवार 365 यात्री अपने घर वापस आए थे।

दो अलग-अलग जत्थों में 596 नागरिकों की घर वापसी

शनिवार को दो अलग-अलग जत्थों में 596 और भारतीयों को स्वदेश लाया गया था। पहले 231 भारतीयों को लेकर एक विमान नई दिल्ली पहुंचा था। एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतरने के बाद इन लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। उन्होंने ऑपरेशन कावेरी के तहत अपनी निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर की प्रशंसा की थी।

117 लोगों को किया गया क्वारंटाइन

वहीं, सूडान से आए भारतीय लोगों में से 117 को क्वारंटाइन किया गया है, क्योंकि उन्हें ‘येलो फीवर’ का टीका नहीं लगाया गया है। इन यात्रियों में अगर बीमारी का कोई लक्षण नहीं उभरा, तो सात दिनों बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। भारतीयों की निकासी में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय भी विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहा है।

INS तेग से 14वां जत्था रवाना

ऑपरेशन कावेरी के तहत भारत अपने नागरिकों को सुरक्षित घर वापसी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सूडान से भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए नौसेना के जहाज और फ्लाइट का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। भारतीय नौसेना का जहाज INS तेग ने शनिवार को संकटग्रस्त सूडान से ऑपरेशन कावेरी के तहत फंसे 288 भारतीयों को सफलतापूर्वक निकाला था। फंसे हुए नागरिकों का यह 14वां जत्था जेद्दा से आया था। इसके बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया था। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था कि ऑपरेशन कावेरी के तहत भारतीयों का 14वां जत्था पोर्ट सूडान से रवाना हुआ। INS तेग पर सवार 288 यात्री जेद्दा के रास्ते में हैं।

Back to top button