OpenAI ने चुपके से लॉन्च किया ChatGPT ट्रांसलेट

OpenAI ने चुपके से बिना किसी बड़े एलान के एक नया स्टैंडअलोन ट्रांसलेशन टूल ChatGPT Translate लॉन्च कर दिया है। कहा जा रहा है कि ये नया प्लेटफॉर्म सीधे तौर पर Google Translate को टक्कर दे सकता है। हालांकि, ChatGPT में पहले से ही ट्रांसलेशन की सुविधा मिल जाती है, लेकिन अब इसे एक अलग और डेडिकेटेड इंटरफेस के तौर पर लॉन्च किया गया है, ताकि यूजर्स को फास्ट और आसान ट्रांसलेशन का एक्सपीरियंस मिल सके। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं…
ChatGPT Translate का इंटरफेस कैसा है?
ChatGPT ट्रांसलेट का लेआउट देखने में काफी हद तक मौजूदा ट्रांसलेशन टूल्स जैसा ही लग रहा है। इसमें इनपुट और आउटपुट के लिए दो टेक्स्ट बॉक्स देखने को मिलते हैं। टूल ऑटोमैटिक लैंग्वेज डिटेक्शन को भी सपोर्ट करता है जो हमें Google Translate की याद दिलाता है और इसमें आपको 50 से ज्यादा भाषाओं में ट्रांसलेशन की सुविधा मिलती है। बेसिक लेवल पर ये वही फीचर्स दे रहा है, जिनकी उम्मीद आमतौर पर यूजर्स एक ट्रांसलेशन प्लेटफॉर्म से करता है।
Google Translate से ChatGPT ट्रांसलेट कैसे है अलग?
एक तरफ जहां गूगल ट्रांसलेट वर्ड टू वर्ड ट्रांसलेशन पर ज्यादा फोकस करता है, जबकि ChatGPT ट्रांसलेट थोड़ा अलग रास्ता अपनाता है। इसमें वन-टैप ऑप्शन देखने को मिलते हैं, जिनसे यूजर ट्रांसलेट किए गए टेक्स्ट को तुरंत रिफाइन भी कर सकते हैं। यूजर चाहें तो ट्रांसलेशन को ज्यादा नेचुरल टोन में या फिर फॉर्मल बिजनेस स्टाइल से लेकर बच्चों के लिए आसान भाषा में या अकादमिक यूज के लिए चेंज कर सकते हैं।
इतना ही नहीं इनमें से किसी भी ऑप्शन पर क्लिक करते ही आप सीधे प्राइमरी ChatGPT एक्सपीरियंस में पहुंच जाएंगे, जहां जनरेटिव AI की मदद से टेक्स्ट को और बेहतर किया जाएगा। कंपनी का फोकस सिर्फ ट्रांसलेट करने पर नहीं है, बल्कि इसमें टोन, ऑडियंस और इंटेंट को समझने पर भी फोकस किया गया है।





