एक बार सर्दी के आगोश में आया राजस्थान, इन 13 ज़िलों में 10 डिग्री से कम रहा तामपान

कुछ राहत के बाद आज पूरा राजस्थान एक बार सर्दी के आगोश में आ गया है। प्रदेश के 13 जिलों में 10 डिग्री से कम तापमान रहा है। फतेहपुर में 1.4 और चूरू में 2.4 डिग्री दर्ज हुआ है। पहाड़ी इलाकों से पश्चिचमी विक्षोभ का असर पूरी तरह खत्म हो गया है। इसी के साथ राज्य में सर्दी बढ़ गई है। सर्दी का सर्वाधिक असर प्रदेश के शेखावाटी अंचल में देखने को मिला है। पूरे प्रदेश में सबसे कम तापमान भी यही दर्ज किया गया है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री दर्ज हुआ। यहां दो दिन में 4 डिग्री से ज्यादा पारा गिरा है।  जबकि चूरू में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री पर पहुंच गया है।

जयपुर के तामपान में भी रही गिरावट

राजधानी जयपुर में भी रात के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर पहुंच गया है।  यहां सीजन में पहली बार तापमान 10 डिग्री पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम शुष्क रहने के कारण अगले दो दिन सीकर और चूरू में शीतलहर चल सकती है। सर्दी बढ़ने का कारण पश्चिचमी विक्षोभ का असर कम होना है। मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा में 9.6 ड़िग्री, टोंक 8.5 ड़िग्री, अलवर 6 डिग्री,  झुंझुनूं 6.5 डिग्री, सीकर 4.5 डिग्री,  बीकानेर 9 डिग्री,  चूरू 2.5 डिग्री,  श्रीगंगानगर 8.4 डिग्री,  धोलपुर 9.2 डिग्री और नागौर में 6.3 डिग्री तामपान रहा है। 

ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ी

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री तक गिरावट के साथ ही सर्दी के तेवर और तीखे होते हुए नजर आएंगे। इसके साथ ही पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन में बढ़ोतरी होने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि दिन में तेज धूप खिल रही है। 

Back to top button