नवरात्रि के पहले दिन पहनें इस खास रंग के कपड़े

3 अक्तूबर यानी कि गुरुवार से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होने जा रही है, जिसकी तैयारी भी अब पूरी हो गई है। जगह-जगह मां दुर्गा के बड़े-बड़े पंडाल लगे हैं, जिनमें नवरात्रि के पहले दिन पूजा-पाठ के साथ मां दुर्गा की स्थापना की जाएगी। लोग अपने घरों में भी इसी दिन घट स्थापना करके माता का स्वागत करते हैं। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है।पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण इन्हें शैलपुत्री कहा जाता है। 

ऐसी मान्यता है कि इनकी पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी के चलते लोग माता रानी के पहले स्वरूप को उनका पसंदीदा भोग लगाते हैं और उन्हीं के पसंदीदा रंग के वस्त्र पहनकर पूजा करते हैं। 

मां शैलपुत्री का पसंदीदा रंग सफेद है। इसलिए नवरात्रि के पहले दिन पर सफेद रंग के वस्त्र पहनकर माता की पूजा और घटस्थापना करने पर मां की असीम कृपा प्राप्त होती है। हम यहां आपको सफेद रंग के कपड़ों के कुछ विकल्प बताने जा रहे हैं, जिसे आप पूजा में कैरी कर सकते हैं। 

पहनें कुर्ता और धोती

सनातन धर्म में पूजा-पाठ में कुर्ता और धोती पहनना अच्छा माना जाता है। ऐसे में आप भी धोती पहनकर घट स्थापना की पूजा में बैठ सकते हैं। मां शैलपुत्री को सफेद रंग प्रिय है, ऐसे में आप भी सफेद रंग का कुर्ता और धोती पहनें, ताकी मां शैलपुत्री आपसे प्रसन्न हों। 

सफेद सूट पहनें

पूजा के समय आप सफेद रंग का सूट भी कैरी कर सकती हैं। सफेद रंग का सूट भी आपको सादगी भरा लुक देगा। सफेद सूट के साथ-साथ आप चाहें तो लाल-हरे बॉर्डर वाली सफेद साड़ी भी पूजा के वक्त कैरी कर सकते हैं। 

महिलाएं बनाएं ऐसी हेयर स्टाइल

पूजा के समय कोशिश करें कि बालों को खुला न रखें। खुले बाल आपको परेशान कर सकते हैं। ऐसे में बालों में पोनीटेल बनाएं। इसके साथ-साथ आप चाहें तो बालों में जूड़ा भी बना सकती हैं। 

मेकअप रखें हल्का

पूजा के समय अपना मेकअप हल्का ही रखें। अगर आप हैवी मेकअप रखेंगी तो इससे आपका लुक बिगड़ सकता है। खासतौर पर सफेद रंग के आउटफिट के साथ हल्का मेकअप ही अच्छा लगता है। 

Back to top button