सोनिया गांधी के बयान को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत कर कांग्रेस की सदस्यता रद करने की मांग की..

सोनिया गांधी के बयान को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत कर कांग्रेस की सदस्यता रद करने की मांग की थी। अब ईसीआई ने कांग्रेस पार्टी को नोटिस भेज इसपर जवाब मांगा है।

 चुनाव आयोग ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कर्नाटक की ‘संप्रभुता’ संबंधी सोनिया गांधी की टिप्पणी पर इंटरनेट मीडिया पोस्ट को स्पष्ट करने और उसमें सुधार करने को कहा। खरगे को चुनाव आयोग का पत्र भाजपा द्वारा कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दिखाई देने वाले एक ट्वीट के संबंध में शिकायत के बाद आया है।

कांग्रेस अध्यक्ष से चुनाव आयोग का अनुरोध

आयोग ने अपने पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष से कहा कि आपसे अनुरोध है कि इंटरनेट मीडिया पोस्ट के संबंध में स्थिति स्पष्ट करें और सुधार के उपाय करें। इससे पहले भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान कर्नाटक के लिए ‘संप्रभुता’ शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया था।

कांग्रेस की मान्यता रद करने की मांग

भाजपा ने कांग्रेस की मान्यता रद करने और सोनिया के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की भी मांग की थी।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपा।

पार्टी ने कहा कि कर्नाटक भारत का महत्वपूर्ण राज्य है। भारत के एक सदस्य राज्य की संप्रभुता की रक्षा के लिए कोई भी आह्वान अलगाववाद के बराबर है। इसके खतरनाक और हानिकारक नतीजे होंगे। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता तरुण चुघ, अनिल बलूनी और ओम पाठक भी शामिल थे। पत्रकारों से बात करते हुए तरुण चुघ ने जनप्रतिनिधित्व कानून का हवाला दिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी की मान्यता रद कर दी जानी चाहिए।

भाजपा ने सोनिया को घेरा

भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस के ट्वीट की एक प्रति भी सौंपी, जिसमें सोनिया गांधी के बयान का हवाला दिया गया है। विपक्षी पार्टी ने ट्वीट किया था, सोनिया गांधी ने 6.5 करोड़ कन्नड़ लोगों को एक कड़ा संदेश दिया है-कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।

भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई

भाजपा ने बेंगलुरु में भी चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई और ”संप्रभुता” शब्द के इस्तेमाल को लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया। शिकायत में कहा गया है, कांग्रेस जो कह रही है उसका मतलब यह है कि कर्नाटक भारत से अलग है। यह बयान प्रकृति में विभाजनकारी है। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभाजित करना और विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच दरार पैदा करना है।

शिकायत दर्ज करने वाली केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने सोनिया गांधी के हवाले से कांग्रेस के ट्वीट को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि उन्होंने आदर्श आचार संहिता के प्रविधानों का उल्लंघन किया है।

स्वतंत्र राष्ट्र होता है संप्रभु

परिभाषा के अनुसार ”संप्रभु” एक स्वतंत्र राष्ट्र होता है। भाजपा की शिकायत में कहा गया है, जब कोई देश स्वतंत्र हो जाता है, तो उस देश को संप्रभु देश कहा जाता है। भारत एक संप्रभु देश है और कर्नाटक राज्य इसका गौरवपूर्ण हिस्सा है। आज तक किसी ने भी देश की संप्रभुता के साथ कन्नड़ लोगों की अखंडता के बारे में कोई सवाल नहीं उठाया।

सोनिया की टिप्पणी से साजिश स्पष्ट होती है : अनुराग

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की कर्नाटक की संप्रभुता संबंधी टिप्पणी से कांग्रेस की भारत को विभाजित करने की ‘गहरी साजिश’ का पता चलता है। अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, लोग इस बात को नहीं भूले हैं कि कांग्रेस की सरकार ने जनभावना के खिलाफ कर्नाटक के लिए अलग ध्वज पेश किया था। यह काम भाजपा के ‘एक देश, एक ध्वज’ नारे का मजाक उड़ाने के उद्देश्य से किया गया।

बताते चलें, 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्दरमैया नीत कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक के लिए प्रदेश ध्वज के डिजाइन को मंजूरी दी थी और केंद्र के पास प्रस्ताव भेजा था।

Back to top button