आज से अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी

अमेठी: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं. कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेन्द्र मिश्र ने राहुल के आधिकारिक कार्यक्रम के हवाले से बताया कि पार्टी उपाध्यक्ष दोपहर में लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वहां से अमेठी पहुंचेंगे. चार अक्टूबर को ही वह कठौरा गांव में चौपाल लगाएंगे. उसके बाद वह कपासी गांव में एक शोक सभा में शिरकत करेंगे. बाद में वह मुंशीगंज अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे.

अगले दिन वह सुबह अतिथि गृह में आम लोगों से मिलेंगे. उसके बाद वह तिलोई के मोहनगंज पाकरगांव स्थित राजीव गांधी कॉलेज में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में और फिर सलोन में कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे. शाम को वह भुएमऊ अतिथिगृह जाएंगे.

मालूम हो कि जिला प्रशासन ने दशहरा और मुहर्रम की व्यस्तताओं का हवाला देते हुए राहुल के कार्यक्रम के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में काफी असुविधा होने की बात करते हुए आग्रह किया था कि राहुल गांधी अपने दौरे के लिए पांच अक्टूबर के बाद की कोई तारीख तय कर लें. इस पर कांग्रेस ने प्रशासन की तीखी आलोचना की थी.

अभी-अभी: योगी सरकार ने बेटियों को दिया ये बड़ा तोहफा, शादी के लिए देगी 55 हजार

हालांकि कांग्रेस द्वारा राहुल का कार्यक्रम रोके जाने के आरोपों पर जिलाधिकारी ने पत्र में कहा कि कांग्रेस सांसद के दौरे को रद्द किए जाने की खबरें सरासर गलत हैं. उन्‍होंने यह भी कहा कि अमेठी में कार्यक्रम को लेकर सिर्फ यह सलाह दी गई थी कि वे 5 अक्‍टूबर की बजाय किसी अन्‍य तारीख को जनपद आएं. डीएम की तरफ से लैटर में लिखा गया है कि माननीय सांसद के दौरे को रोकने की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, उन्‍हें सिर्फ सुरक्षा की दृष्टि से अवगत कराया गया था.

Back to top button