उत्तरी हवाओं से प्रदेश में बड़ी ठंड, दिन और रात के तापमान में आई गिरावट
मध्य प्रदेश में आ रही बर्फीली हवाओं से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। फरवरी में पहली बार दिन में 22 डिग्री से नीचे तापमान दर्ज किया गया। आज भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जहां प्रदेश का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया था, वहीं उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पिछले दो दिन से तापमान में काफी गिरावट देखी गई। भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में हवा 34 से 36 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली, जो आम दिनों की तुलना में 3-4 गुना अधिक रही।
वहीं, फरवरी में पहली बार दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी पारा लुढ़का। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। शनिवार को तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
फरवरी में पहली बार 22 डिग्री से नीचे पारा
बर्फीली हवा चलने की वजह से गुरुवार को दिन के तापमान में खासी गिरावट हुई है। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायसेन में 23.2 डिग्री, धार में 23.7 डिग्री, नौगांव-रीवा में 24 डिग्री, सिवनी में 24.2 डिग्री, सीधी में 24.4 डिग्री, उमरिया-सागर में 25.1 डिग्री, सतना में 25.3 डिग्री, दमोह-गुना में 25.5 डिग्री और बैतूल में 25.7 डिग्री तापमान रहा।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 25.8 डिग्री, इंदौर में 23.5 डिग्री, ग्वालियर में 25.4 डिग्री, उज्जैन में 25 डिग्री और जबलपुर में 23.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार-गुरुवार की रात में भी पारे में गिरावट देखने को मिली। यह 10 डिग्री से नीचे आ गया।
कल से एक्टिव होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने की संभावना है। इस वजह से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिक यादव ने बताया- सिस्टम की वजह से दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले पश्चिम-उत्तर भारत में गुरुवार को 12.6 किमी ऊपर 231 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवा चली। इस वजह से प्रदेश में भी कंपकंपी देखने को मिली। बर्फबारी का असर भी रहा।