नौ साल के बच्चे की तेंदुए ने ली जान, पूरे गांव में शोक का माहौल

भंडरिया थाना क्षेत्र के रोदो गांव में एक आदमखोर तेंदुए ने नौ साल के बच्चे को मार डाला। बुधवार को हुई इस घटना में तेंदुआ बच्चे को मारकर कमर के ऊपर का हिस्सा खा गया है। गुरुवार को उसकी लाश मिलने पर गांव में दहशत का माहौल है।

तीसरी कक्षा में पढ़ता था 9 साल का विक्रम
तेंदुए का शिकार हुआ 9 साल का विक्रम उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुरी टोला में तीसरा कक्षा का छात्र था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। स्कूल में भी छात्र और शिक्षक गमगीन हैं। स्कूल में गुरुवार को शोकसभा आयोजित कर छुट्टी घोषित कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार भारती, जिला परिषद सदस्य हिरवंती देवी, प्रखंड प्रमुख रुक्मणी देवी, बिजका पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महेश्वर सिंह सहित कई लोग आए

वन विभाग के अधिकारियों ने ली जानकारी
इधर, सूचना पाकर प्रशासन और वन विभाग के पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डीएफओ शशि कुमार ने कहा है कि परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। गढ़वा सदर अस्पताल में बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पीटीआर को पत्र लिखा गया है।

स्कूल के बगल में मिला शरीर का अवशेष
जानकारी के अनुसार रोदो गांव के ब्रह्मदेव तुरी का पुत्र विक्रम प्राथमिक विद्यालय तुरी टोला में तीसरी कक्षा का छात्र था। वह शाम को गांव की दुकान से बिस्किट लाने गया था। इस दौरान तेंदुए ने हमला कर दिया। देर शाम तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनखोजने निकले। रात में उसका कोई पता नहीं चला। सुबह स्कूल के बगल में विक्रम का कपड़ा और शव का अवशेष मिलने पर परिजनों ने उसकी पहचान की। शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए ने विक्रम की जान ली।

डीएफओ शशि कुमार ने क्या जानकारी दी
डीएफओ शशि कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम बोर्ड गठित कर सदर अस्पताल गढ़वा में ही करा दिया गया। उधर तेंदुआ को पकड़ने के लिए पीटीआर को लिखा गया है। उसके अलावा गांव के लोगों को सतर्क रहने और निगरानी रखने के लिए कहा गया है। वहीं गांव में वन विभाग के सुरक्षा गार्ड को तैनात किया गया है। सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा का भुगतान किया जाएगा। उसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Back to top button