कोरोना कहर के बीच आई राहत भरी खबर, बाल फार्मा ने लांच किया Favipiravir

 दवा कंपनी बाल फार्मा ने कोरोना संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली एंटी वायरल दवा फेविपिरावीर (Favipiravir) को बाल फ्लू (BALflu) के नाम से बाजार में पेश किया है। बेंगलुरु स्थित कंपनी ने कहा है कि 400 एमजी के एक टेबलेट की कीमत 85 रुपये है। फेविपिरावीर का इस्तेमाल कोरोना वायरस से हल्के और मध्यम स्तर तक संक्रमित मरीजों के इलाज में किया जाता है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि बालफ्लू का इस्तेमाल 53 तरह के इंफ्लुएंजा विषाणुओं के इलाज में भी किया जा सकता है। जिसमें इबोला वायरस, एरेनावायरस, बनियावायरस, फाइलोवायरस, वेस्ट नाइल वायरस और लासा वायरस शामिल हैं। भारतीय औषध महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने कोविड के इलाज के लिए आपात इस्तेमाल को लेकर बालफ्लू को मंजूरी दे दी है। पहले दिन मरीज को दवा की 1,800 मिलीग्राम की अनुशंसित खुराक लेनी होगी। इसके बाद 2 से 14 दिन तक 800 मिलीग्राम दवा की सिफारिश की गई है

बाल फार्मा के प्रबंध निदेशक शैलेश सिरोया ने कहा कि बालफ्लू में 28.7 प्रतिशत तेजी से वायरस को खत्म करने की क्षमता है और इसे 85 रुपये प्रति टैबलेट की बहुत सस्ती कीमत पर बेचा जा रहा है ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर इस दवा का उपयोग करने में सक्षम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बालफ्लू भारत के सभी प्रमुख बाजारों में प्रिस्क्रिप्शन दवा के रूप में उपलब्ध है।

दूसरी तरफ, देश की जानी मानी दवा कंपनी रोश इंडिया और सिप्ला ने सोमवार को एंटीबाडी काकटेल को लांच करने का एलान किया। इसकी एक डोज की कीमत 59,750 रुपये है और इसे अत्यधिक जोखिम वाले हल्के और मध्यम स्तर पर संक्रमित रोगियों को दिया जाएगा। सिप्ला और रोश ने एक संयुक्त बयान में कहा कि एंटीबाडी काकटेल अब भारत में उपलब्ध है। इसकी दूसरी खेप मध्य जून तक आ जाएगी।

यह एंटीबाडी काकटेल दो दवाइयों कैसिरिविमैब और इमदेविमैब का मिश्रण है। भारत में इसकी एक लाख पैक उपलब्ध है। एक पैक में दो डोज है, इस तरह इससे दो लाख मरीजों को फायदा होगा। वयस्कों के साथ ही 12 साल से ज्यादा उम्र और 40 किलोग्राम से अधिक वजन वाले बच्चों के इलाज में भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा।

Back to top button