केंद्रीय मंत्री के भांजे पर FIR दर्ज, सोशल मीडिया पर किया था विवादित पोस्ट

पटना: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के भांजे प्रियरंजन उर्फ़ संतोष पर पुलिस ने गया जिले के बेलागंज थाने में मामला दर्ज किया है. इन पर सोशल मीडिया पर विवादित एवं आपत्तिजनक भड़काऊ भाषण को पोस्ट करने का आरोप है. जिले की पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है. प्रियरंजन उर्फ़ संतोष अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है.

प्रियरंजन उर्फ संतोष कुमार पर आरोप है कि उसने अपने फेसबुक पेज पर भड़काऊ मैसेज डाला था. पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद बेलागंज के थानाअध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने केस दर्ज किया है. प्रियरंजन पूर्व आईबी चीफ दीनानाथ शर्मा का भतीजा बताया जाता है. संतोष बेलागंज थाना के पाली गांव का रहने वाला है.

रेलवे टेंडर घोटाले मामले में बेटी मीसा के साथ सीबीआई ऑफिस पहुंचे लालू यादव, पूछताछ शुरू

इस मामले में प्रियरंजन की तरफ से कहा जा रहा है कि उनके पेज पर आपत्तिजनक पोस्ट आया था, जिसका उन्होंने सिर्फ जवाब दिया है. भाजपा के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की तरफ से इस मामले पर अभी कोई बयान नहीं आया है. जिले की एसपी गरिमा मल्लिक ने कहा कि प्रियरंजन उर्फ़ संतोष के फेसबुक पेज से कुछ आपत्तिजनक पोस्ट किया गया इसलिए उनपर एफआईआर दर्ज की गई है. इस मामले की पुलिस जांच कर रही है.

वहीं, बेलागंज थाने की पुलिस का कहना है कि इस इलाके से ही इस तरह के मैसेज वायरल किया गया है. पुलिस ने एफआईआर में लिखा है कि फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के बाद प्राथमिकी जांच में इसे सही पाया गया. इसके बाद प्रियरंजन के खिलाफ बेलागंज थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.

Back to top button