‘महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सख्त कानून की जरूरत’, RSS कार्यक्रम में बोलीं वी शांता कुमारी!

आरएसएस से जुड़ी राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख वी शांता कुमारी ने शुक्रवार को कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ दु‌र्व्यवहार और अमानवीय अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं।

रेशिमबाग में डा. हेडगेवार स्मृति मंदिर परिसर में आयोजित राष्ट्र सेविका समिति के ‘विजयदशमी उत्सव’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सख्त कानूनों की आवश्यकता है। इसके लिए व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर काम करने के साथ सख्त कानून, तुरंत फैसला लेने और सामाजिक जागरूकता फैलाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अगस्त में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या अमानवीय थी। पूर्वी राज्य में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ऐसी बर्बर घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

उन्होंने कहा, ”कानून में बदलाव लाना जरूरी है ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। कानून-व्यवस्था के साथ ही हमें आत्मसुरक्षा के लिए खुद को सशक्त बनाना होगा। आत्मरक्षा तंत्र बनाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही समय आ गया है कि युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्म-नियंत्रण और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण का पाठ पढ़ाया जाए।”

Back to top button