
देश के राष्ट्रपति के 18 जुलाई को होने वाले चुनाव को लेकर राज्यों में गहमा-गहमी जोरों पर है। ओदिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचीं एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए भाजपा के नेताओं के साथ आदिवासी समुदाय के लोग भी थे।
उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक वोट होने के कारण अब राष्ट्रपति पद के प्रत्याशियों का लखनऊ का दौरा लग रहा है। विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के गुरुवार को लखनऊ में विधायकों से भेंट के बाद अब आज यानी शुक्रवार को एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू लखनऊ पहुंचीं हैं।
एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू दिन में करीब चार बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक उनकी अगवानी करने पहुंचे।
शाम को करीब छह बजे द्रौपदी मुर्मू लोकभवन में भाजपा गठबंधन दलों के साथ बैठक में शामिल होंगी। वह यहां भाजपा गठबंधन के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर उनसे चुनाव के लिए समर्थन मांगेंगी। इसके बाद मुर्मु मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर भी जाएंगी, जहां रात्रिभोज के साथ कुछ विशिष्टजन से मुलाकात भी करेंगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगी। उनकी अगवानी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष व प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष व मत्स्य विकास मंत्री डा. संजय निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता करेंगे। उनके जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
द्रौपदी मुर्मू राजग प्रत्याशी के रूप में भाजपा, अपना दल (एस), निर्बल भारतीय शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के सांसदों व विधायकों के साथ लोकभवन में आयोजित बैठक में समर्थन के लिए संपर्क व संवाद करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल व निषाद पार्टी के नेता डा. संजय निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के साथ रहेंगे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री के सरकारी आवास भी पहुंचेंगी। वहां पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेंगी और वहीं पर रात्रिभोज भी होगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए देश के कुल मत मूल्य में सर्वाधिक 14.86 प्रतिशत की हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश की है। यहां सबसे अधिक 80 लोकसभा और 403 विधानसभा सीटें हैं। सांसदों के मत का मूल्य हर जगह समान 700 है, जबकि आबादी के गणित से विधायकों के मत का मूल्य यहां सर्वाधिक 208 है। राजग प्रत्याशी को उत्तर प्रदेश से 1,19,084 मत मूल्य की बढ़त पहले से तय थी।
रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव भाजपा के जीत जाने से इसमें 1400 मत मूल्य और जड़ गया है। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने भी उन्हें समर्थन की घोषणा करके 7,908 मतों का मूल्य इसमें बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि विपक्षी दलों के कुछ वोट भी द्रौपदी मुर्मू को मिल सकते हैं। ऐसे में लखनऊ प्रवास पर आ रहीं द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश से लंबी बढ़त का समर्थन लेकर लौटेंगी।