NASA का आर्टेमिस-2 मिशन 1 अप्रैल को होगा लॉन्च, चांद के पास जाएंगे 4 अंतरिक्ष यात्री

नासा ने आर्टेमिस-2 मिशन की नई लॉन्च तिथि 1 अप्रैल घोषित की है। यह 50 साल से अधिक समय बाद चंद्रमा के पास जाने वाला पहला मानव मिशन होगा।

NASA ने अपने आर्टेमिस-2 मिशन के लॉन्च का नया शेड्यूल जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक यह मिशन अब 1 अप्रैल को लॉन्च किया जा सकता है। नासा की वरिष्ठ अधिकारी लोरी ग्लेज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम इस तारीख के लिए पूरी तरह तैयार है और मिशन की तैयारी सही दिशा में चल रही है।

उन्होंने कहा कि यह एक परीक्षण उड़ान होगी, इसलिए इसमें कुछ जोखिम भी हो सकता है, लेकिन टीम और उपकरण दोनों तैयार हैं। नासा के अनुसार 1 अप्रैल से छह दिनों के अंदर चार बार लॉन्च का मौका मिल सकता है।

पहली लॉन्च विंडो 1 अप्रैल को शाम 6 बजकर 24 मिनट पर खुलेगी। आर्टेमिस-2 मिशन 50 साल से ज्यादा समय बाद चांद के पास जाने वाला पहला मानव मिशन होगा।

पहले फरवरी में होना था लॉन्च
इस मिशन को पहले फरवरी में लॉन्च किया जाना था, लेकिन बाद में नासा ने शेड्यूल में बदलाव कर दिया। एजेंसी ने बताया कि चांद पर भविष्य में लैंडिंग से पहले एक अतिरिक्त टेस्ट मिशन शामिल किया गया है। शुरुआती देरी का कारण तकनीकी समस्याएं बताया गया था।

चार अंतरिक्ष यात्री जाएंगे मिशन पर
आर्टेमिस-2 मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री शामिल होंगे। इनमें तीन अमेरिकी हैं रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच। चौथे अंतरिक्ष यात्री कनाडा के जेरेमी हैनसेन हैं। यह मिशन चांद के चारों ओर घूमेगा, लेकिन वहां लैंडिंग नहीं करेगा।

नासा के अनुसार लॉन्च के बाद अंतरिक्ष यान पहले पृथ्वी की कक्षा में घूमेगा। इसके बाद यह चांद की ओर जाएगा और चांद के पास से उड़ान भरते हुए उसके चारों ओर चक्कर लगाएगा। फिर यह वापस पृथ्वी पर लौटेगा और समुद्र में उतरकर मिशन पूरा करेगा।

अगला लक्ष्य चांद पर उतरना
आर्टेमिस कार्यक्रम का अगला मिशन आर्टेमिस-III होगा, जिसमें चांद पर उतरने की योजना है। इसके तहत पृथ्वी की निचली कक्षा में एक लूनर लैंडर से अंतरिक्ष यान को जोड़ा जाएगा।

नासा की योजना के अनुसार कार्यक्रम के चौथे चरण में 2028 की शुरुआत तक चांद पर मानव लैंडिंग का लक्ष्य रखा गया है। यह योजना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की उस योजना का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने अमेरिकियों को फिर से चांद पर भेजने का लक्ष्य रखा था।

Back to top button