कारोबारी भाइयों के बहुमंजिला घर में लगी आग

वाराणसी जिले में एक मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कड़ी मशक्कत के बाद पांच दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। 

वाराणसी के भेलूपुर थाना के गौरीगंज इलाके में साड़ी कारोबारी तीन भाइयों के चार मंजिला मकान में शनिवार की रात आग लग लाई। सूचना पाकर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने एक घंटे से ज्यादा समय की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने की वजह प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट बताई गई है। आग लगने से लाखों रुपये मूल्य की साड़ियां और कपड़े जलकर राख हो गए। गौरीगंज में साड़ी कारोबारी रिजवान अहमद, अरमान अहमद और रुखसार अहमद का चार मंजिला मकान है। मकान के भूतल और द्वितीय तल से साड़ी और ब्रांडेड कपड़ों का कारोबार होता है। मकान के प्रथम और तीसरे तल पर परिवार रहता है। इसके साथ ही तीसरे तल पर साड़ी का स्टॉक भी रखा जाता है।

रात लगभग 10:15 बजे मकान के दूसरे तल में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते लपटें विकराल रूप धर लीं। इस पर परिवार के 12 सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस और दमकल की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंचती तब तक आग दूसरे तल से तीसरे तल और चौथे तल पर स्थित एक कमरे में फैल चुकी थी। दमकल कर्मी मकान के अगल-बगल के मकानों की छत और बालकनी से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किए। लगभग एक घंटे से ज्यादा समय बाद आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। आग लगने के कारण रवींद्रपुरी से गौरीगंज और शिवाला व सोनारपुरा जाने वाले मार्ग पर एहतियातन वैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया था।

चेक कराएंगे सुरक्षा के इंतजाम थे या नहीं

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि आग लगने की वजह प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट समझ में आई है। रविवार को हमारी टीम बिल्डिंग का ऑडिट करेगी कि आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं थे।

लता मंगेशकर को मां मानते थे रिजवान
साड़ी कारोबारी रिजवान अहमद स्वर कोकिला लता मंगेशकर को अपनी मां मानते थे। पूर्व में बसपा के नेता रहे रिजवान अहमद लता मंगेशकर के ऑर्डर पर उनके लिए बनारसी साड़ी तैयार कर मुंबई ले जाते थे। जो साड़ी लता मंगेशकर को पसंद आ जाती थी उन्हें वह भेंट कर उसकी कीमत आशीर्वाद स्वरूप लिया करते थे।

Back to top button