MPCA ने BCCI से पूछा-वनडे मैच के टिकट पर जीएसटी 18 फीसदी लगेगा या 28
इंदौर. भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 24 सितंबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले वनडे मैच की टिकट दर एमपीसीए अब तक तय नहीं कर पाया है। एमपीसीए उलझन में है कि टिकट पर जीएसटी की दर क्या होगी? अब एसोसिएशन ने बीसीसीआई को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर जीएसटी में रियायत है? जीएसटी टिकट दर पर 18 फीसदी लगेगा या 28।

हालांकि जीएसटी नियमों में स्पष्ट है और टैक्स जानकारों के साथ वाणिज्यिक कर विभाग के अनुसार टिकट पर सीधे 28 फीसदी की दर से जीएसटी देय होगा। एसोसिएशन का कहना है संभव है कि केंद्रीय स्तर पर बीसीसीआई को किसी तरह की राहत मिली हो। एेसा होगा तो क्रिकेट प्रेमियों को लाभ होगा और टिकट पर टैक्स कम होगा।
300 से 3000 रु. संभव है दर, टैक्स अलग
एमपीसीए अब तक वनडे मैच में टिकट दर 300 से 3000 रुपए रखता आया है। यदि जीएसटी 28 फीसदी लगा तो 300 का टिकट 384 और 3000 का टिकट 3840 रुपए का पड़ेगा। यह अब तक की सबसे अधिक दर होगी, क्योंकि इससे पहले अक्टूबर 2015 में हुए वनडे मैच में एमपीसीए को प्रदेश सरकार ने मनोरंजन कर की भी छूट दी थी।
इसे भी देखें:- बड़ी खबर: अमेरिका ने पाकिस्तान को दिया सबसे बड़ा झटका, पाक का सबसे बड़ा बैंक किया बैन
कोशिश कर रहे हैं कि कम से कम दर रहे
क्रिकेट प्रेमियों को ज्यादा टिकट दर नहीं देना पड़े, इसके लिए एसोसिएशन कोशिश कर रहा है। यदि कम टैक्स दर का प्रावधान होगा तो इसका लाभ दर्शकों को मिल जाएगा। तीन-चार दिन में टिकट को लेकर सभी बातें फाइनल कर ली जाएंगी।





